तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर 24 नवंबर को जलेगा कार्तिगई दीपम, सुप्रीम कोर्ट ने दी अंतरिम अनुमति

सुप्रीम कोर्ट ने मदुरै की तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर 24 नवंबर 2026 को पारंपरिक 'कार्तिगई दीपम' जलाने की अंतरिम अनुमति दी है।

नई दिल्ली,एजेंसी। तमिलनाडु के मदुरै स्थित तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर पारंपरिक कार्तिगई दीपम जलाने को लेकर लंबे समय से जारी विवाद में सुप्रीम कोर्ट ने अहम अंतरिम आदेश दिया है। शीर्ष अदालत ने 24 नवंबर 2026 को पहाड़ी पर स्थित प्राचीन पत्थर के स्तंभ ‘दीपाथून’ पर पारंपरिक दीप जलाने की अनुमति प्रदान कर दी है। इस फैसले के साथ ही मंदिर की धार्मिक परंपरा, पहाड़ी के स्वामित्व और अनुष्ठान स्थल को लेकर चल रही कानूनी बहस एक बार फिर चर्चा में आ गई है।

न्यायमूर्ति अरविंद कुमार और न्यायमूर्ति विपुल एम. पंचोली की पीठ ने मामले की सुनवाई करते हुए यह अंतरिम व्यवस्था दी। अदालत ने मद्रास हाई कोर्ट के फैसले के कुछ हिस्सों पर भी रोक लगाई है, जिसमें दीपाथून पर दीप जलाने की परंपरा को दोबारा शुरू करने संबंधी निर्देशों को बरकरार रखा गया था। सुप्रीम कोर्ट का आदेश ऐसे समय आया है, जब पहाड़ी के ऊपरी हिस्से पर मालिकाना हक और धार्मिक अनुष्ठान के अधिकार को लेकर हिंदू श्रद्धालुओं तथा हजरत सुल्तान सिकंदर बादशाह औलिया दरगाह के बीच विवाद चल रहा है।

सुनवाई के दौरान दरगाह की ओर से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता अमित आनंद तिवारी ने पहाड़ी के ऊपरी हिस्से पर दरगाह का अधिकार होने का दावा किया। उन्होंने वर्ष 1920 के एक न्यायिक आदेश का हवाला देते हुए दलील दी कि पहाड़ी का पूरा ऊपरी क्षेत्र दरगाह की संपत्ति है। ऐसे में वहां स्थित पत्थर के स्तंभ पर दीप जलाने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए। उन्होंने अदालत को बताया कि पहाड़ी के ऊपरी हिस्से में मस्जिद, ध्वज स्तंभ और दीपाथून स्थित हैं तथा दरगाह के अनुसार यह पूरा क्षेत्र उसकी संपत्ति के अंतर्गत आता है।

दरगाह पक्ष ने यह भी तर्क दिया कि दीपाथून और दरगाह के बीच की दूरी चाहे जितनी हो, इससे संबंधित भूमि पर उसके कथित अधिकार की स्थिति नहीं बदलती। दरगाह की ओर से दीप जलाने की मांग का विरोध करते हुए पहाड़ी के स्वामित्व और धार्मिक गतिविधियों के स्थान को लेकर अपनी आपत्तियां रखी गईं। गुरुवार को मामले की सुनवाई पूरी नहीं हो सकी थी, जिसके बाद शीर्ष अदालत ने शुक्रवार को आगे की सुनवाई की।

दरअसल, यह पूरा विवाद मदुरै के तिरुपरनकुंद्रम स्थित अरुलमिगु सुब्रमण्यस्वामी मंदिर में आयोजित होने वाले पारंपरिक कार्तिगई दीपम उत्सव से जुड़ा है। इस पर्व के दौरान दीप प्रज्वलित करने की परंपरा का विशेष धार्मिक महत्व है। कई दशकों से पहाड़ी की निचली ढलान पर स्थित उचि पिल्लैयार मंदिर के निकट बने दीपा मंडपम में उत्सव का दीपक जलाया जाता रहा है।

हालांकि, हिंदू संगठनों और श्रद्धालुओं की ओर से मांग की जाती रही है कि पारंपरिक दीप पहाड़ी के ऊपरी हिस्से में स्थित प्राचीन पत्थर के स्तंभ दीपाथून पर जलाया जाए। बताया जाता है कि यह स्तंभ दरगाह से लगभग 50 मीटर की दूरी पर स्थित है। इसी स्थान पर दीप प्रज्वलित करने की मांग को लेकर मामला पहले मद्रास हाई कोर्ट पहुंचा था और बाद में सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के लिए आया।

सुप्रीम कोर्ट के अंतरिम आदेश के बाद 24 नवंबर को दीपाथून पर कार्तिगई दीपम जलाने का रास्ता खुल गया है। हालांकि, पहाड़ी के स्वामित्व, धार्मिक स्थलों की सीमाओं और परंपरागत अनुष्ठान के अधिकार से जुड़े व्यापक विवाद का अंतिम समाधान अभी न्यायिक प्रक्रिया पर निर्भर करेगा। इस मामले में अदालत की आगे की कार्यवाही पर श्रद्धालुओं, दरगाह पक्ष और स्थानीय लोगों की निगाहें टिकी रहेंगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button