खुद को सिर्फ कॉमेडियन के दायरे में नहीं बांधना चाहते अनिल चरणजीत, बोले- अभी मेरे अंदर बहुत कुछ बाकी है
अभिनेता अनिल चरणजीत ने अपनी कॉमेडी अभिनेता की छवि और टाइपकास्ट होने पर बात की है।

एंटरटेनमेंट डेस्क, मुंबई। हिंदी सिनेमा में अपनी कॉमेडी से दर्शकों को गुदगुदाने वाले अभिनेता अनिल चरणजीत अब अपनी अभिनय प्रतिभा के नए पहलुओं को सामने लाने के लिए तैयार हैं। ‘सरफिरा’, ‘सर्कस’ और ‘सूर्यवंशी’ जैसी फिल्मों में नजर आ चुके अनिल का मानना है कि दर्शकों ने अब तक उनके अभिनय का एक ही पक्ष देखा है, जबकि उनके भीतर एक कलाकार के रूप में अभी बहुत कुछ ऐसा है, जिसे सामने आना बाकी है। वह लंबे समय से कॉमेडी भूमिकाएं निभा रहे हैं, लेकिन खुद को केवल हास्य अभिनेता के रूप में सीमित नहीं मानते।
20 नवंबर को प्रदर्शित हो रही फिल्म ‘पार्टी एनिमल्स’ में अनिल चरणजीत एक गुंडे की भूमिका में दिखाई देंगे। अपनी कॉमेडियन वाली छवि को लेकर उन्होंने दिलचस्प अंदाज में कहा कि उनके साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ, जैसा फिल्म ‘द एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर’ के नाम से जाहिर होता है। अनिल के मुताबिक, एक कलाकार के तौर पर उनके ऊपर भी अनजाने में ‘एक्सीडेंटल कॉमेडियन’ का ठप्पा लग गया। उन्होंने बताया कि जब वह स्कूल में पढ़ते थे, तभी से फिल्मों में काम करने लगे थे। उस दौरान उन्होंने करीब 35 से 40 लघु फिल्में की थीं, लेकिन उनमें से एक भी हास्य प्रधान नहीं थी।
अनिल के अनुसार, उनके कॉमेडी करियर की शुरुआत फिल्म ‘हंसी तो फंसी’ से हुई। इस फिल्म में उनके अभिनय को देखने के बाद फिल्म उद्योग के लोगों ने उन्हें एक नए कॉमेडियन के रूप में पहचानना शुरू कर दिया। धीरे-धीरे उन्हें इसी तरह की भूमिकाओं के प्रस्ताव मिलने लगे और उनकी पहचान हास्य अभिनेता के रूप में बनती चली गई। हालांकि, वह इस पहचान को अपनी अभिनय क्षमता की सीमा नहीं मानते। उनका कहना है कि वह स्वयं को कभी कमतर नहीं आंकते और उन्हें विश्वास है कि उनके भीतर अभी कई तरह के किरदार निभाने की क्षमता मौजूद है।
लगातार एक जैसी भूमिकाएं मिलने और एक ही छवि में बंध जाने के सवाल पर अनिल का मानना है कि फिल्म उद्योग में बने रहने के लिए कलाकार को हर अवसर में कुछ नया तलाशना पड़ता है। उनके मुताबिक, यदि लगातार कॉमेडी भूमिकाएं मिल रही हैं तो इसका अर्थ यह नहीं कि कलाकार हर बार एक जैसा अभिनय करे। वह हर किरदार में अपनी ओर से कुछ अलग करने की कोशिश करते हैं, ताकि पिछली भूमिका और नई भूमिका के बीच अंतर दिखाई दे। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि फिल्म ‘किस किस को प्यार करूं 2’ में उन्होंने भोपाली अंदाज में संवाद बोले हैं, जबकि ‘पार्टी एनिमल्स’ में उनका अंदाज पूरी तरह मुंबई की शैली वाला है। वहीं ‘सूर्यवंशी’ में उन्होंने एक मराठी व्यक्ति का किरदार निभाया था।
अनिल ने फिल्म उद्योग की व्यावहारिक परिस्थितियों पर भी खुलकर बात की। उनका कहना है कि कलाकारों के पास हमेशा अपनी पसंद की भूमिकाएं चुनने के पर्याप्त विकल्प नहीं होते। परिवार और घर की जिम्मेदारियां भी होती हैं, इसलिए जो काम मिलता है, उसे पूरी ईमानदारी और मेहनत के साथ करना पड़ता है। उनके लिए महत्वपूर्ण यह है कि भूमिका छोटी हो या बड़ी, उसमें अपनी अभिनय क्षमता दिखाने का अवसर जरूर तलाशा जाए।
अपने करियर के अलग-अलग अनुभवों का जिक्र करते हुए अनिल ने वर्ष 2015 में आई लघु फिल्म ‘फक्र है’ को भी याद किया। इस फिल्म में उन्होंने एक अलग तरह के पाकिस्तानी जिहादी का किरदार निभाया था। उनके मुताबिक, यह भूमिका उनकी अब तक की हास्य भूमिकाओं से बिल्कुल अलग थी और फिल्म को दर्शकों ने काफी पसंद किया था। उस समय सामाजिक माध्यमों पर आज की तरह ‘वायरल’ शब्द का इस्तेमाल आम नहीं हुआ था, लेकिन उनकी यह लघु फिल्म खूब चर्चा में रही और बड़ी संख्या में लोगों तक पहुंची।
अनिल चरणजीत ने यह भी स्वीकार किया कि अपने करियर में कई बार उन्हें छोटी भूमिकाओं वाले बड़े प्रोजेक्ट को लेकर असमंजस हुआ। कुछ फिल्मों के प्रस्ताव मिलने पर उनके मन में यह सवाल भी उठा कि जब भूमिका में केवल एक दृश्य है तो उसे करना कितना उचित होगा। उन्होंने बताया कि फिल्म ‘सूर्यवंशी’ में उनका केवल एक दृश्य था, जबकि ‘पीके’ में आईने के सामने खड़े होने वाला उनका दृश्य भी बहुत छोटा था। उस समय उन्हें लगा था कि शायद दर्शक उन्हें पहचान भी नहीं पाएंगे। लेकिन बाद में उन्हें एहसास हुआ कि किसी फिल्म में भूमिका की लंबाई से ज्यादा उसका प्रभाव मायने रखता है। आज भी दर्शक उन छोटे दृश्यों को याद करते हैं और उनके अभिनय की चर्चा करते हैं।
अनिल का मानना है कि किसी कलाकार के लिए यह जरूरी नहीं कि वह हर फिल्म में मुख्य भूमिका निभाए या पर्दे पर लंबे समय तक दिखाई दे। कई बार छोटा-सा किरदार भी दर्शकों के मन में गहरी छाप छोड़ जाता है। यही वजह है कि अब वह हर भूमिका को एक नए अनुभव और चुनौती के रूप में देखते हैं। कॉमेडी से पहचान बनाने के बावजूद उनकी कोशिश है कि आने वाले समय में दर्शक उन्हें गंभीर, नकारात्मक और विविध स्वभाव वाले किरदारों में भी देखें। ‘पार्टी एनिमल्स’ में गुंडे की भूमिका उनके इसी अलग अंदाज की एक और झलक पेश करने वाली है।




