पालघर में भारी बारिश से बाढ़ जैसे हालात, सफाले समेत कई इलाकों में जलभराव; जनजीवन ठप

कांती जाधव/महाराष्ट्र स्टेट हेड
पालघर/महाराष्ट्र। महाराष्ट्र के पालघर जिले में लगातार हो रही भारी बारिश ने हालात बिगाड़ दिए हैं। सफाले ईस्ट क्षेत्र में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है, जिससे जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है। निचले इलाकों, बाजारों और रिहायशी क्षेत्रों में जलभराव के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सफाले, पालघर, केल्वे और बोइसर क्षेत्रों में तेज बारिश के चलते सड़कों और बाजारों में पानी भर गया है। विशेष रूप से सफाले बाजार और आसपास के इलाकों में कमर तक पानी भरने से दुकानों और घरों में पानी घुस गया है। इससे व्यापारिक गतिविधियां ठप हो गई हैं और लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित हुआ है।
जलभराव के कारण कई प्रमुख और आंतरिक मार्ग पूरी तरह बंद हो गए हैं। सड़कों पर पानी नदी की तरह बह रहा है, जिससे यातायात व्यवस्था चरमरा गई है। सफाले-तांडुलवाड़ी रोड और गोवाडे-रायपाड़ा मार्ग समेत कई निचले इलाकों की सड़कों को एहतियातन यातायात के लिए बंद कर दिया गया है।
प्रशासन द्वारा स्थिति पर नजर रखी जा रही है और राहत एवं बचाव कार्यों के लिए टीमों को तैनात किया गया है। स्थानीय लोगों से अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है। लगातार हो रही बारिश को देखते हुए आने वाले दिनों में स्थिति और गंभीर होने की आशंका जताई जा रही है।




