उत्तर-पूर्वी दिल्ली के हर्ष विहार में निर्माणाधीन इमारत की स्लैब गिरी, मलबे में दबकर दो की मौत

दिल्ली के हर्ष विहार में बिल्डिंग का स्लैब गिरने से बड़ा हादसा हुआ है। इसमें दो लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा कि इमारत में एक मंजिल और बनाने को लेकर काम चल रहा था, इसी दौरान ये हादसा हुआ।

उत्तर-पूर्वी दिल्ली। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के हर्ष विहार इलाके में रविवार शाम निर्माणाधीन इमारत की स्लैब गिरने से मलबे में दबकर दो लोगों की मौत हो गई। हादसा मिलन गार्डन में शाम करीब 6:40 बजे हुआ। सूचना मिलते ही दिल्ली पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत-बचाव अभियान शुरू किया।
दिल्ली अग्निशमन सेवा के अनुसार, हादसे की सूचना मिलने पर दमकल की दो गाड़ियां घटनास्थल पर भेजी गईं। बताया गया कि पुराने मकान के ऊपर नई मंजिल का निर्माण कराया जा रहा था। निर्माण कार्य के दौरान पुरानी छत का एक हिस्सा अचानक ढह गया, जिससे उसके ऊपर डाली जा रही नई स्लैब भी नीचे आ गिरी। इसके मलबे में दो लोग दब गए।
हादसे के बाद बचाव दलों ने मलबा हटाकर दोनों लोगों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। राहत कार्य में दिल्ली पुलिस, दमकल विभाग के साथ राष्ट्रीय आपदा मोचन बल और नागरिक सुरक्षा के जवान भी शामिल रहे। मलबा हटाने के लिए भारी मशीनरी का इस्तेमाल किया गया और बचाव दलों ने देर रात तक अभियान जारी रखा।
हादसे की सूचना मिलने पर दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा और आशीष सूद भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। निर्माण के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं, इसकी भी पड़ताल की जा रही है।
गौरतलब है कि इसी महीने उत्तरी दिल्ली के सीमापुरी इलाके में भी एक बहुमंजिला इमारत का हिस्सा गिरने से एक बच्चे की मौत हुई थी और सात लोगों को बचाया गया था। लगातार हो रहे ऐसे हादसों ने निर्माणाधीन और पुरानी इमारतों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े किए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button