दिल्ली में गुजरात पुलिस की तैनाती पर केजरीवाल ने उठाए सवाल
केजरीवाल के सवाल पर दिल्ली पुलिस का रिएक्शन

नई दिल्ली/एजेंसी। आम आदमी पार्टी के मुखिया और दिल्ली के पूर्व सीएम अरविंद केजरीवाल ने शनिवार को बेहद चौंकाने वाला दावा किया। उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा कि दिल्ली से चुनाव आयोग ने पंजाब पुलिस हटाकर गुजरात पुलिस तैनात कर दी है। ये चल क्या रहा है? केजरीवाल के इस दावे पर जल्द ही दिल्ली पुलिस के शीर्ष सूत्रों ने स्पष्टीकरण दिया। सूत्रों ने बताया कि दिल्ली में सुरक्षाकर्मियों की 220 कंपनियां पहुंची हैं, जिनमें सीआरपीएफ, बीएसएफ, एसएसबी, आईटीबीपी, सीआईएसएफ और आरपीएफ की कंपनियां शामिल हैं।
दिल्ली पुलिस सूत्रों ने बताया कि इसके अलावा राजस्थान, बिहार, छत्तीसगढ़, गुजरात, झारखंड, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, कर्नाटक, चंडीगढ़ और हिमाचल प्रदेश पुलिस की 70 कंपनियां भी तैनात की गई हैं। ये कंपनियां दिल्ली में तीन चरणों में पहुंचीं, जिसमें गुजरात पुलिस की सात से आठ कंपनियों की तैनाती भी शामिल है।
दिल्ली पुलिस सूत्रों ने स्पष्ट किया कि 5 फरवरी को होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 250 कंपनियों की मांग के बाद यह तैनाती की गई है। ये कंपनियां फ्लाइंग स्क्वॉड, अंतरराज्यीय सीमा जांच, क्षेत्र पर नियंत्रण और महत्वपूर्ण मतदान केंद्रों पर सुरक्षा जैसे कार्य करेंगी। इसके अलावा, वे मतगणना केंद्रों और रैपिड रेस्पॉन्स टीम के रूप में भी काम करेंगी।
दिल्ली पुलिस के सूत्रों ने बताया कि अभी पंजाब, हरियाणा और उत्तर प्रदेश पुलिस से रिएक्शन का इंतजार है। ऐसा इसलिए क्योंकि पंजाब और हरियाणा में किसानों का विरोध प्रदर्शन चल रहा है। वहीं प्रयागराज में महाकुंभ चल रहा है। पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब केजरीवाल ने शनिवार को एक ट्वीट किया। उन्होंने राष्ट्रीय राजधानी में गुजरात से राज्य रिजर्व पुलिस बल (एसआरपीएफ) की आठ कंपनियों की तैनाती पर सवाल उठाए थे।
भचाऊ के एसआरपीएफ कमांडेंट तेजस पटेल ने शनिवार को कहा कि एसआरपीएफ की कंपनियां चुनाव आयोग के आदेशानुसार 13 जनवरी को दिल्ली पहुंचीं। पंजाब के पुलिस महानिदेशक गौरव यादव ने बताया था कि दिल्ली पुलिस और चुनाव आयोग के निर्देश पर केजरीवाल की सुरक्षा के लिए तैनात राज्य पुलिस को वापस बुला लिया गया है।




