मथुरा में प्रेम विवाह से नाराज परिजनों पर युवती की हत्या का आरोप, कब्रिस्तान से निकलवाया गया शव
मथुरा के थाना गोविंद नगर क्षेत्र में दूसरे धर्म के युवक से प्रेम विवाह करने से नाराज परिजनों ने युवती की हत्या कर दी और शव को दफना दिया। प्रेमी ने पुलिस से शिकायत तो मामले का खुलासा हुआ। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।

मथुरा,उत्तर प्रदेश। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के गोविंद नगर थाना क्षेत्र में प्रेम विवाह के बाद युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। आरोप है कि दूसरे धर्म के युवक से शादी करने से नाराज परिजनों ने युवती की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को कब्रिस्तान में दफना दिया। युवती के पति की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने युवती के भाई को गिरफ्तार किया है, जबकि उसकी मां और मौसी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। रविवार को प्रशासनिक आदेश पर कब्रिस्तान से शव निकलवाकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, मथुरा के बद्रीनगर नई बस्ती निवासी नाजिया उर्फ जन्नत को राजस्थान के झुंझुनू जिले के पचेरीकलां गांव निवासी रविंद्र से प्रेम हो गया था। दोनों दिल्ली की एक खेलकूद संबंधी कपड़े बनाने वाली फैक्टरी में काम करते थे। वहीं दोनों के बीच करीब दो वर्ष तक प्रेम संबंध रहे। इसके बाद उन्होंने शादी करने का फैसला किया। बताया जाता है कि रविंद्र के परिजन इस रिश्ते के लिए तैयार थे, लेकिन नाजिया के परिवार ने शादी का विरोध किया।
परिजनों की असहमति के बावजूद नाजिया करीब चार महीने पहले घर छोड़कर चली गई और रविंद्र से विवाह कर लिया। आरोप है कि शादी के बाद भी उसके परिवार के सदस्य उस पर रिश्ता तोड़ने का दबाव बनाते रहे, लेकिन वह अपने पति के साथ रहने के फैसले पर कायम रही। बाद में परिजनों ने कथित तौर पर शादी स्वीकार करने का भरोसा दिया। इसी बीच 25 सितंबर को नाजिया की मां और मौसी उसे अपने साथ मथुरा ले आईं।
कुछ दिन मथुरा में रहने के बाद जब नाजिया ने वापस अपने पति के पास जाने की बात कही, तो परिजनों ने कथित तौर पर इसका विरोध किया। इसके बाद रविंद्र का नाजिया से संपर्क टूट गया। करीब 15 दिन तक पत्नी से बात नहीं होने पर रविंद्र ने उसके परिजनों से संपर्क करने की कोशिश की। आरोप है कि पहले उन्होंने टालमटोल की और बाद में फोन उठाना बंद कर दिया। इससे रविंद्र को किसी अनहोनी की आशंका हुई।
इसके बाद रविंद्र ने राजस्थान के झुंझुनू में पत्नी के अपहरण की आशंका जताते हुए शून्य प्राथमिकी दर्ज कराई। राजस्थान पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच के लिए संबंधित प्रकरण मथुरा पुलिस को भेज दिया। 23 अक्टूबर को ई-मेल के माध्यम से प्राथमिकी मिलने के बाद गोविंद नगर थाना पुलिस ने जांच शुरू की।
जांच के दौरान संदेह के आधार पर पुलिस ने शनिवार देर रात नाजिया के भाई अकरम को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ के शुरुआती दौर में अकरम ने नाजिया की मौत करंट लगने से होने की बात कही। हालांकि, बाद में उसने कथित तौर पर गला दबाकर हत्या करने और शव को कब्रिस्तान में दफनाने की बात स्वीकार की। पुलिस ने रविवार को सिटी मजिस्ट्रेट अनुपम मिश्रा के आदेश पर कब्रिस्तान से शव निकलवाया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। इसके बाद अकरम को गिरफ्तार कर लिया गया।
मामले में नाजिया की मां और मौसी को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है। एसपी सिटी राजीव कुमार सिंह के मुताबिक, जांच पूरी होने से पहले किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी। एकत्र किए जा रहे साक्ष्यों और जांच की प्रगति से राजस्थान पुलिस को भी अवगत कराया जाएगा।
फिलहाल पुलिस हत्या के आरोपों, शव को दफनाने की परिस्थितियों और मामले में अन्य लोगों की संभावित भूमिका की जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




