कनैली चौराहे पर तेज रफ्तार डंपर ने राहगीर को कुचला, अस्पताल में मौत से मचा कोहराम
सराय अकिल थाना क्षेत्र के कनैली चौराहे पर सोमवार सुबह तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से शिवचंद रैदास (30) की मौत हो गई। वह सड़क पार कर रहे थे, तभी डंपर ने उन्हें टक्कर मार दी। गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले जाने पर उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

सचिन पांडेय/जिला ब्यूरो चीफ
कौशाम्बी,उत्तर प्रदेश। नेवादा क्षेत्र के सराय अकिल थाना अंतर्गत कनैली चौराहे पर सोमवार सुबह तेज रफ्तार डंपर की चपेट में आने से एक राहगीर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, कनैली गांव निवासी शिवचंद रैदास (30) पुत्र हीरालाल रैदास सोमवार सुबह किसी काम से कनैली चौराहे पर आए थे। सुबह करीब नौ बजे वह सड़क पार कर रहे थे, तभी विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर के बाद डंपर का पहिया उनके ऊपर से गुजर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चौराहे पर अफरा-तफरी मच गई और घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई।
मौके पर मौजूद लोगों ने घायल शिवचंद को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों के प्रयासों के बावजूद उनकी जान नहीं बच सकी। घटना की सूचना मिलने पर सराय अकिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल डंपर को कब्जे में ले लिया है।
थाना प्रभारी ज्ञान सिंह ने बताया कि मृतक के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। डंपर चालक के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
शिवचंद की मौत की खबर जैसे ही परिजनों तक पहुंची, घर में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अचानक हुए इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है।




