गाजियाबाद में 85.80 लाख की प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद, तीन आरोपी गिरफ्तार
गाजियाबाद में कोडीन कफ सिरप की बड़ी खेप बरामद की गई है। पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, मुख्य सरगना दिल्ली कारोबारी फरार है।

गाजियाबाद। कमिश्नरेट पुलिस और औषधि विभाग की संयुक्त टीम ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत साहिबाबाद के कसाना क्रेन कंपाउंड स्थित एक गोदाम पर छापा मारकर प्रतिबंधित कोडीन युक्त कफ सिरप की 49,600 बोतलें बरामद कीं। जब्त सिरप की कीमत करीब 85.80 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दिल्ली निवासी कारोबारी भोला की तलाश की जा रही है, जिसे पुलिस गिरोह का कथित सरगना मान रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि खेप की बिलिंग बिहार के समस्तीपुर के लिए की गई थी और इसे आगे पटना भेजे जाने की योजना थी। पुलिस के अनुसार, सिरप का निर्माण हिमाचल प्रदेश की 3बी हेल्थकेयर कंपनी में हुआ था और इसकी आपूर्ति दिल्ली में पंजीकृत जेब्रॉन कंपनी के माध्यम से की जा रही थी। जांच में संध्या ट्रांसपोर्ट का नाम भी सामने आया है।
एसीपी साहिबाबाद अमित सक्सेना के मुताबिक, पुलिस बिलिंग दस्तावेजों, परिवहन मार्ग और कंपनियों के शिपमेंट रिकॉर्ड की जांच कर रही है। यह पता लगाया जा रहा है कि बिहार भेजी जाने वाली खेप साहिबाबाद के गोदाम में क्यों उतारी गई और कथित तस्करी नेटवर्क में अन्य किन लोगों की भूमिका है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




