रियासी पुलिस की नशे के खिलाफ सख्ती, 550 प्रेगाबालिन कैप्सूल बरामद

संवाददाता/सुदेश कुमार
रियासी,जम्मू। नशीली एवं प्रतिबंधित दवाओं के दुरुपयोग और अवैध कब्जे पर अंकुश लगाने तथा क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए रीयासी पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए कटरा थाना क्षेत्र में चार अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की हैं। पुलिस के अनुसार, इनमें से तीन मामलों में कुल 550 प्रेगाबालिन कैप्सूल बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, पहली कार्रवाई में प्राथमिकी संख्या 312/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 223(ए) में कटरा तहसील के भगता निवासी जगदीश कुमार पुत्र कृष्ण चंद के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। कार्रवाई के दौरान 300 मिलीग्राम क्षमता वाले प्रेगाबालिन के 12 पत्ते बरामद हुए, जिनमें प्रत्येक पत्ते में 10 कैप्सूल थे। इस प्रकार कुल 120 कैप्सूल बरामद किए गए।
दूसरे मामले में प्राथमिकी संख्या 313/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 115(2), 126(2) और 304 में राजेश दुबे, रोहित शर्मा, गणेश, आनंद मोहन, महिपाल, उत्तम सिंह और चेरी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
तीसरे मामले में प्राथमिकी संख्या 314/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 223(ए) में कटरा के नाले निवासी निखिल मसीह पुत्र सोमियल मसीह के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 300 मिलीग्राम क्षमता वाले प्रेगाबालिन के 13 पत्ते बरामद किए, जिनमें कुल 130 कैप्सूल थे।
चौथे मामले में प्राथमिकी संख्या 315/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 223(ए) में जम्मू के डोमेल, सुकेतर निवासी करण कुमार पुत्र विजय कुमार के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस के अनुसार, उसके कब्जे से प्रेगाबालिन के 30 पत्ते बरामद किए गए, जिनमें प्रत्येक पत्ते में 10 कैप्सूल थे। इस तरह कुल 300 कैप्सूल बरामद हुए।
रियासी पुलिस के अनुसार, प्रतिबंधित दवाओं से जुड़े तीन मामलों में कुल 550 प्रेगाबालिन कैप्सूल बरामद किए गए हैं। पुलिस ने कहा कि प्रतिबंधित एवं अवैध पदार्थों के दुरुपयोग, अवैध कब्जे, बिक्री अथवा सेवन तथा सार्वजनिक व्यवस्था और सुरक्षा को प्रभावित करने वाली गतिविधियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।




