पत्रकार से राजा बनने जा रहे एडवर्ड रुकिडी न्याबोंगो, टोरो साम्राज्य में होगा राज्याभिषेक

युगांडा के टोरो साम्राज्य में पत्रकार राजकुमार एडवर्ड रुकिडी न्याबोंगो नए राजा बनेंगे, जिन्होंने पिछले महीने अपने बाल-राजा को खो दिया था। वह युगांडा ब्राडकास्टिंग कार्पोरेशन में ब्राडकास्टर और एडिटर के रूप में कार्यरत थे और अब औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण करेंगे।

कंपाला,एजेंसी। युगांडा में पत्रकारिता से राजपरिवार तक का अनोखा सफर देखने को मिल रहा है। टोरो साम्राज्य के नए राजा के रूप में राजकुमार एडवर्ड रुकिडी न्याबोंगो का राज्याभिषेक होने जा रहा है। न्याबोंगो लंबे समय से युगांडा ब्रॉडकास्टिंग कॉरपोरेशन में प्रसारक और संपादक के रूप में कार्य कर रहे हैं। अब उन्हें औपचारिक रूप से समर्थकों और जनता के सामने टोरो के नए राजा के रूप में पेश किया जाएगा।
टोरो साम्राज्य ने पिछले महीने अपने युवा राजा ओयो न्यिम्बा को खो दिया था। अगस्त में 34 वर्ष की उम्र में कैंसर से उनका निधन हो गया। उनके कोई घोषित उत्तराधिकारी नहीं थे। इसके बाद शासक कुल ‘बबीतो’ के बुजुर्गों ने योग्य राजकुमारों में से न्याबोंगो का चयन किया। उत्तराधिकार की पारंपरिक कतार में उनका स्थान बहुत ऊपर नहीं था, लेकिन राजपरिवार के बुजुर्गों ने उन्हें नए शासक के लिए उपयुक्त माना।
राज्याभिषेक समारोह पश्चिमी युगांडा के फोर्ट पोर्टल शहर में आयोजित किया जाएगा, जिसमें हजारों लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। समारोह के दौरान न्याबोंगो को औपचारिक रूप से टोरो के राजा के रूप में मान्यता दी जाएगी।
युगांडा में पारंपरिक राजशाहियों का इतिहास राजनीतिक बदलावों से भी जुड़ा रहा है। देश की आजादी के बाद तत्कालीन राष्ट्रपति मिल्टन ओबोटे ने पारंपरिक राजशाहियों पर प्रतिबंध लगा दिया था। बाद में 1993 में इन्हें दोबारा बहाल किया गया। हालांकि, इन पारंपरिक राजाओं के पास संवैधानिक या प्रशासनिक शासन का औपचारिक अधिकार नहीं है और उन्हें सक्रिय दलगत राजनीति में भाग लेने से रोकने के प्रावधान हैं।
इसके बावजूद पारंपरिक राजा अपने समुदायों में सांस्कृतिक और सामाजिक रूप से प्रभावशाली माने जाते हैं। वे अपनी परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षक की भूमिका निभाते हैं। ऐसे में पत्रकार से टोरो के राजा बनने जा रहे एडवर्ड रुकिडी न्याबोंगो का राज्याभिषेक युगांडा की पारंपरिक राजशाही और आधुनिक पेशेवर जीवन के अनोखे मेल के रूप में देखा जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button