जैश के 1,000 आत्मघाती हमलावर तैयार, ऑडियो क्लिप से मसूद अजहर के ‘टेरर प्लान’ का खुलासा, क्या निशाने पर भारत!

इस्लामाबाद/एजेंसी। भारत में कई आतंकी हमलों के मास्टर माइंड और आतंकी गुट जैश-ए-मोहम्मद के सरगना मौलाना मसूद अजहर का एक कथित ऑडियो क्लिप सामने आया है। पाकिस्तान में बैठकर जैश को चलाने वाली मसूद अजहर की आवाज इसमें होने का दावा किया जा रहा है। क्लिप में मसूद कह रहा है कि उसके संगठन जैश-ए-मोहम्मद के पास हजारों आत्मघाती हमलावर हैं, जो उसके एक इशारे पर हमला करने को तैयार रहते हैं। इस क्लिप से भारत की सुरक्षा चिंता बढ़ती है क्योंकि मसूद का भारत में हमले कराने का पुराना इतिहास रहा है।
मसूद अजहर काऑडियो क्लिप ऐसे समय में आया है, जब पाकिस्तान स्थित आतंकी गुट लश्कर-ए-तैयबा के डिप्टी चीफ सैफुल्लाह कसूरी ने भारत को गीदडभभकी दी है। कसूरी का वीडियो सामने आया है, जिसमें वह ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए कह रहा है कि पाकिस्तानी फौज ने उसे सैनिकों की नमाज-ए-जनाजा पढ़ाने बुलाया था। दावा है कि इसी सभा को अजहर ने भी संबोधित किया, जिसका ऑडियो क्लिप वायरल है। हालांकि इस क्लिप की सत्यता की पुष्टि नहीं हो सकी है।
संयुक्त राष्ट्र में नामित आतंकी मसूद अजहर नए ऑडियो क्लिप में दावा कर रहा है कि उसके समर्थकों की संख्या इतनी ज्यादा है कि अगर इसका खुलासा हो जाए तो वैश्विक मीडिया में हंगामा मच जाएगा। मसूद अजहर ने कहा कि उसके गुट के लोग जान देने से ना डरते हैं और ना ही पीछे हटते हैं। मसूद क्लिप में कह रहा है कि जैश के लोगों को कार, मोटरसाइकिल जैसी चीजें नहीं चाहिए। ना ही वे विदेश जाकर ऐशो-आराम करने की चाहत रखते हैं। वे अल्लाह से सिर्फ ‘शहादत’ मांगते हैं। जैश में ऐसे एक-दो नहीं बल्कि हजारों लोग हैं, जो सिर्फ एक इशारा पाते ही अपनी जान दे सकते हैं।
रक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि मसूद अजहर खोखली धमकी दे रहा है। ऑपरेशन सिंदूर से उसके ठिकानों को काफी नुकसान हुआ है। भारत की आर्मी ने बीते साल मई में ऑपरेशन सिंदूर में जैश-ए-मोहम्मद के ठिकानों को तबाह कर दिया गया था। ऐसे में अब मसूद ऐसे बयानों को जरिए जैश-ए-मोहम्मद को फिर से खड़ा करने की कोशिश में है।
मसूद अजहर को लंबे समय से सार्वजनिक तौर पर नहीं देखा गया है। उसके ठिकाने और सेहत को लेकर कई तरह की अफवाहें उड़ती रही हैं। सामने आए नए ऑडियो क्लिप से लगता है कि मसूद अजहर फिट है और अभी भी पाकिस्तान में बैठकर आतंक फैलाने के काम में लगा हुआ है। वह लगातार जैश के लोगों को संबोधित करता है।




