कानपुर से दिल्ली के बीच रोजाना नई मेल ट्रेन को मंजूरी, रात में सफर का मिलेगा विकल्प
कानपुर सेंट्रल से दिल्ली जाना अब अधिक आसान होने वाला है। भारतीय रेलवे ने नई दैनिक मेल ट्रेन सेवा को मंजूरी दे दी है।

कानपुर,उत्तर प्रदेश। कानपुर और दिल्ली के बीच रेल यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए रेल मंत्रालय ने कानपुर सेंट्रल और आनंद विहार टर्मिनल के बीच रोजाना नई मेल ट्रेन चलाने को मंजूरी दी है। नई सेवा शुरू होने से दोनों शहरों के बीच रात्रिकालीन यात्रा का अतिरिक्त विकल्प उपलब्ध होगा और मार्ग के प्रमुख स्टेशनों से रेल संपर्क भी बेहतर होगा।
रेलवे के अनुसार नई सेवा ट्रेन संख्या 14153/14154 कानपुर सेंट्रल-आनंद विहार-कानपुर सेंट्रल मेल के रूप में संचालित होगी। कानपुर सेंट्रल से ट्रेन रात 8.40 बजे रवाना होकर सुबह 4.50 बजे आनंद विहार टर्मिनल पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 14154 आनंद विहार से रात 11.25 बजे चलेगी और सुबह 7.25 बजे कानपुर सेंट्रल पहुंचेगी। दोनों दिशाओं में ट्रेन करीब 428 किलोमीटर की दूरी तय करेगी।
कानपुर से आनंद विहार तक यात्रा का समय करीब आठ घंटे 10 मिनट और वापसी में करीब आठ घंटे रहेगा। ट्रेन के फफूंद, इटावा, टूंडला, हाथरस, अलीगढ़, खुर्जा, दादरी और गाजियाबाद में आठ वाणिज्यिक ठहराव होंगे। इससे इन स्टेशनों और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को भी दिल्ली और कानपुर के बीच आवागमन में सुविधा मिलेगी।
रेलवे के मुताबिक, नई सेवा विशेष रूप से उन यात्रियों के लिए उपयोगी होगी जो दिन का काम पूरा करने के बाद रात में यात्रा करना चाहते हैं। रात में कानपुर से रवाना होकर यात्री सुबह राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र पहुंच सकेंगे और अपने काम के लिए दिन का समय बचा सकेंगे। इसी तरह दिल्ली से रात में रवाना होकर यात्री सुबह कानपुर पहुंच सकेंगे। नई ट्रेन सेवा से कानपुर और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के बीच दैनिक यात्रियों के लिए एक और रेल विकल्प उपलब्ध होगा।




