गौतम बुद्ध नगर की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के नाम दर्ज हुआ नया कीर्तिमान, सबसे लंबे समय तक कमिश्नरेट संभालने वाली पहली महिला आईपीएस अधिकारी बनीं
गौतम बुद्ध नगर की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने अपने नाम पर किसी पुलिस कमिश्नरेट में सबसे लंबे सयम तक कार्यरत रहने वालीं पहली महिला आईपीएस अधिकारी का रिकॉर्ड दर्ज करा लिया है।

नोएडा। गौतम बुद्ध नगर की पुलिस कमिश्नर और वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी लक्ष्मी सिंह ने अपने कार्यकाल के दौरान एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, वह देश में किसी जिले के पुलिस कमिश्नरेट की कमान सबसे लंबे समय तक संभालने वाली पहली महिला आईपीएस अधिकारी बन गई हैं। उत्तर प्रदेश की पहली महिला पुलिस कमिश्नर होने का रिकॉर्ड भी पहले से उनके नाम दर्ज है।
लक्ष्मी सिंह ने 30 नवंबर 2022 को गौतम बुद्ध नगर की पहली महिला पुलिस कमिश्नर के रूप में कार्यभार संभाला था। 15 नवंबर 2026 तक इस पद पर उनके कार्यकाल को तीन वर्ष, 11 महीने और 16 दिन हो चुके हैं। इसी अवधि के साथ उन्होंने महिला आईपीएस अधिकारियों के बीच लंबे कार्यकाल का नया रिकॉर्ड बनाया है।
लक्ष्मी सिंह हाल ही में उस समय भी चर्चा में आई थीं, जब उन्होंने साइबर क्राइम थाने के प्रभारी विजय सिंह राणा सहित चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया था। विजय सिंह राणा पर वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दिए बिना एक मामले में दबिश देने का आरोप लगाया गया था। इस कार्रवाई को पुलिस विभाग में अनुशासन और जवाबदेही से जोड़कर देखा गया।
महिला आईपीएस अधिकारियों के कार्यकाल पर नजर डालें तो उत्तराखंड की पहली महिला पुलिस महानिदेशक कंचन चौधरी भट्टाचार्य ने वर्ष 2004 से अक्टूबर 2007 तक करीब तीन वर्ष प्रदेश पुलिस का नेतृत्व किया था। वहीं, कर्नाटक की पूर्व डीजीपी नीलमणि एन. राजू और तमिलनाडु की पूर्व डीजीपी लेटिका सरन का कार्यकाल लगभग दो वर्ष तीन महीने रहा। गुरुग्राम की पहली महिला पुलिस कमिश्नर कला रामचंद्रन ने भी इस पद पर करीब डेढ़ वर्ष तक जिम्मेदारी संभाली थी।
पुरुष आईपीएस अधिकारियों के लंबे कार्यकाल की बात करें तो तेलंगाना के महेश मुरलीधर भागवत ने राचकोंडा पुलिस कमिश्नरेट की कमान लगभग साढ़े छह वर्ष तक संभाली थी। इसके बाद दिल्ली के पूर्व पुलिस कमिश्नर कृष्ण कांत पॉल का नाम आता है, जिनका कार्यकाल करीब साढ़े तीन वर्ष रहा। हालांकि, लक्ष्मी सिंह की उपलब्धि महिला आईपीएस अधिकारियों के बीच कमिश्नरेट में लंबे समय तक नेतृत्व की जिम्मेदारी निभाने के लिहाज से उल्लेखनीय मानी जा रही है।
लक्ष्मी सिंह के कार्यकाल के दौरान गौतम बुद्ध नगर पुलिस की कार्यप्रणाली और तकनीकी व्यवस्था में भी कई बदलाव किए गए। जुलाई 2023 में पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के लिए जियोस्पेशियल डेटा इंटेलिजेंस प्लेटफॉर्म और कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित चेहरे की पहचान प्रणाली शुरू करने की घोषणा की गई थी। इसके अलावा, निगरानी व्यवस्था को मजबूत करने और सूचनाओं का तेजी से आदान-प्रदान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मार्च 2025 में जिले के 26 थानों में वीडियो वॉल स्थापित की गईं।
करीब चार वर्ष के कार्यकाल में लक्ष्मी सिंह ने जिले की पुलिस व्यवस्था में तकनीक के इस्तेमाल और प्रशासनिक अनुशासन को प्राथमिकता दी है। उनके नाम दर्ज यह उपलब्धि महिला पुलिस अधिकारियों की नेतृत्व क्षमता और पुलिस प्रशासन में बढ़ती भागीदारी के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।




