लखनऊ में डीआईजी के आठ वर्षीय छात्र के मानसिक उत्पीड़न का आरोप, प्रधानाचार्य समेत तीन के खिलाफ एफआईआर
लखनऊ में यूपी पुलिस के डीआईजी ने प्रतिष्ठित स्कूल की प्रधानाचार्य, काउंसलर और रोबोटिक्स शिक्षक पर अपने आठ वर्षीय बेटे के मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाया है।

लखनऊ,एजेंसी। राजधानी के पीजीआई क्षेत्र स्थित एक प्रतिष्ठित स्कूल की प्रधानाचार्य, काउंसलर और रोबोटिक्स शिक्षक के खिलाफ आठ वर्षीय छात्र को कथित रूप से मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और सार्वजनिक रूप से अपमानित करने के आरोप में एफआईआर दर्ज की गई है। शिकायतकर्ता उत्तर प्रदेश पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी और डीआईजी हैं। उनकी लिखित तहरीर पर पीजीआई थाने में 11 नवंबर को तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, डीआईजी का बेटा स्कूल में कक्षा तीन का छात्र है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि 15 अक्टूबर को रोबोटिक्स की कक्षा के दौरान एक वरिष्ठ छात्र ने उसके साथ मारपीट और अभद्रता की थी। बच्चे से घटना की जानकारी मिलने के बाद अगले दिन डीआईजी स्कूल पहुंचे और प्रधानाचार्य तथा काउंसलर से शिकायत करते हुए सीसीटीवी फुटेज की जांच कर संबंधित छात्र की पहचान करने का आग्रह किया।
डीआईजी का आरोप है कि स्कूल प्रबंधन ने सीसीटीवी फुटेज की जांच करने के बजाय बच्चे को आरोपी छात्र की पहचान कराने के नाम पर कक्षा पांच से आठ तक के विभिन्न सेक्शन में ले जाया गया। इस दौरान उसे कथित तौर पर एक हजार से अधिक विद्यार्थियों के सामने खड़ा होना पड़ा। शिकायत में यह भी दावा किया गया है कि संबंधित रोबोटिक्स के वरिष्ठ छात्र उस दिन बाहरी प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए स्कूल से बाहर गए हुए थे। इसके बावजूद बच्चे को अलग-अलग कक्षाओं में ले जाकर पहचान कराने की प्रक्रिया अपनाई गई।
डीआईजी के मुताबिक, इस घटना से उनका बेटा मानसिक रूप से परेशान हो गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बाद में स्कूल के कुछ शिक्षकों और सहपाठियों के बीच बच्चे का मजाक उड़ाया गया, जिससे उसकी परेशानी और बढ़ गई। मामले को लेकर उन्होंने जिलाधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक और स्कूल सोसाइटी तथा प्रबंधन समिति के वरिष्ठ पदाधिकारियों को लिखित शिकायत भेजकर जांच और कार्रवाई की मांग की थी।
शिकायतकर्ता ने स्कूल प्रबंधन पर मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने के बजाय उन्हें संरक्षण देने और उनके परिवार पर शिकायत वापस लेने तथा समझौता करने का दबाव बनाने का भी आरोप लगाया है। इसके बाद उन्होंने पीजीआई थाने में तहरीर देकर प्रधानाचार्य, काउंसलर और रोबोटिक्स शिक्षक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया।
मामले में पुलिस की ओर से विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। एफआईआर दर्ज होने के बाद आरोपों की जांच की प्रक्रिया आगे बढ़ने की उम्मीद है। फिलहाल स्कूल प्रबंधन और नामजद शिक्षकों का पक्ष भी सामने आना बाकी है।




