पिता की पिटाई से नाराज बेटी ने डोसा दुकान में की तोड़फोड़, दोनों पक्षों की शिकायत पर केस दर्ज

वाराणसी के डोसा की दुकान पर पहुंची युवती ने तोड़फोड़ कर दी। उसने डोसा बनाने वाली सामग्री उठाकर जमीन पर फेंक दी। इस दौरान उसकी एक दोस्‍त वीडियो बनाती रही। इस पूरे मामले का सोशल मीडिया पर बड़ा जिक्र हो रहा है।

पुलिस कार्रवाई से नाखुश थी बेटी

वाराणसी,उत्तर प्रदेश। शहर के महमूरगंज इलाके में एक डोसा दुकान पर युवती द्वारा तोड़फोड़ किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया है। वीडियो में एक युवती दुकान में रखी खाद्य सामग्री और सामान फेंकती दिखाई दे रही है, जबकि दूसरी युवती पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना रही है। इस दौरान वह अपने पिता के साथ कथित मारपीट का आरोप लगाते हुए योगी सरकार से न्याय की मांग भी करती नजर आ रही है।

पुलिस के अनुसार, सिगरा थाना क्षेत्र निवासी मनोज चौरसिया 5 नवंबर की शाम महमूरगंज स्थित एक डोसा दुकान पर गए थे। वहां किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद दुकान में काम करने वाले कर्मचारियों पर उनके साथ मारपीट करने का आरोप लगा। घटना के दिन ही मनोज ने भेलूपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।

बताया जा रहा है कि पिता के साथ हुई कथित मारपीट से नाराज उनकी बेटी 14 नवंबर को अपने एक दोस्त के साथ दुकान पहुंची और वहां रखी डोसा बनाने की सामग्री तथा अन्य सामान फेंककर तोड़फोड़ की। घटना के समय दुकान में ग्राहक भी मौजूद थे। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

भेलूपुर थाना प्रभारी दुर्गा सिंह के अनुसार, पिता के साथ मारपीट के मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया था। उन्होंने बताया कि दर्ज मामले में सात वर्ष से कम सजा का प्रावधान होने के कारण कानूनी प्रक्रिया के तहत उन्हें छोड़ दिया गया। वहीं, दुकान में तोड़फोड़ के मामले में युवतियों के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है।

इस बीच सोशल मीडिया पर एक अन्य वीडियो भी सामने आया, जिसमें कुछ दिन पहले मनोज चौरसिया के साथ कथित मारपीट होती दिखाई दे रही है। इस वीडियो के सामने आने के बाद लोगों ने पुलिस कार्रवाई पर सवाल उठाए। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई है और मामलों में नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button