क्वाड नेताओं के फोटो सेशन में पीएम मोदी ने उठाया तिरंगा, ट्रंप ने कहा- इसे संभालकर रखें

प्रधानमंंत्री नरेंद्र मोदी ने क्वाड शिखर सम्मेलन के दौरान कुछ ऐसा किया, जिसकी जमकर तारीफ की जा रही है। दरअसल, पीएम मोदी ने क्वाड नेताओं के फोटो सेशन के लिए जमीन पर लगा तिरंगा उठाकर अपनी जेब में रख लिया। यह देख अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कमेंट भी किया।

मनीला,फिलीपींस। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का फिलीपींस की राजधानी मनीला में आयोजित क्वाड नेताओं के कार्यक्रम के दौरान तिरंगे के प्रति सम्मान जताने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है। ग्रुप फोटो सेशन के दौरान जमीन पर रखे भारत के राष्ट्रीय ध्वज को प्रधानमंत्री मोदी ने उठाकर अपनी जेब में रख लिया। इस दौरान पास खड़े अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी उनकी ओर इशारा करते हुए कहा, “इसे संभालकर रखें।”

दरअसल, अंतरराष्ट्रीय बैठकों में समूह फोटो के समय अक्सर संबंधित देशों के छोटे झंडे जमीन पर निर्धारित स्थानों पर रखे जाते हैं, ताकि नेताओं को उनके खड़े होने की जगह का संकेत मिल सके। मनीला में क्वाड नेताओं के फोटो सेशन के दौरान भी ऐसा ही किया गया था। इसी बीच प्रधानमंत्री मोदी ने जमीन पर रखे भारतीय तिरंगे को उठाकर अपने पास रख लिया। इस घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया जा रहा है।

क्वाड बैठक के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ करते हुए उन्हें ‘ए वेरी टफ मैन’ बताया। पत्रकारों से बातचीत में ट्रंप ने कहा कि वह मोदी को लंबे समय से जानते हैं और वे असाधारण व्यक्ति हैं। उन्होंने जापान की प्रधानमंत्री सनाए ताकाइची का जिक्र करते हुए उन्हें भी मजबूत नेता बताया। ट्रंप ने ऑस्ट्रेलियाई प्रधानमंत्री एंथनी अल्बानीज के साथ अपने संबंधों का उल्लेख करते हुए तीनों नेताओं को अपना मित्र बताया।

यह पहला मौका नहीं है जब ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी की सार्वजनिक रूप से प्रशंसा की हो। इससे पहले भी वे उन्हें महान नेता और दृढ़ निश्चयी व्यक्ति बता चुके हैं। मनीला में तिरंगे को उठाने की घटना और ट्रंप की टिप्पणी अब सोशल मीडिया पर लोगों का ध्यान खींच रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button