वृंदावन में महिलाओं को ब्लैकमेल करने वाला ढोंगी साधु गिरफ्तार,आपत्तिजनक वीडियो बनाकर करता था शोषण

महिलाओं के अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल और मारपीट करने के आरोपी साधु हिम्मत गिरी को पीड़ित महिलाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने रंगे हाथों पकड़कर पुलिस को सौंप दिया है।

मथुरा,उत्तर प्रदेश। महिलाओं के आपत्तिजनक वीडियो बनाकर कथित रूप से ब्लैकमेल करने और मारपीट के आरोपों से घिरे साधु हिम्मत गिरी को पीड़ित महिलाओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पीड़ित महिलाओं ने आरोप लगाया कि साधु संबंध बनाने के दौरान उनके आपत्तिजनक वीडियो बना लेता था और बाद में उन्हें सार्वजनिक करने की धमकी देकर कथित तौर पर ब्लैकमेल करता था। महिलाओं के मुताबिक बदनामी के डर से कई पीड़िताएं शिकायत करने से बचती रहीं। आरोप है कि विरोध करने पर उनके साथ मारपीट भी की गई।
एक अन्य महिला ने आरोप लगाया कि उसकी आरोपी से फेसबुक के माध्यम से पहचान हुई थी। आरोप है कि वह अलग-अलग नामों से महिलाओं से संपर्क करता था और विशेष रूप से निसंतान तथा विधवा महिलाओं को अपने झांसे में लेने की कोशिश करता था। शिकायत करने पर ठिकाने बदलने और मारपीट करने के भी आरोप लगाए गए हैं।
आरोपी को पकड़ने के लिए पीड़ित महिलाओं ने विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारियों से संपर्क किया। विहिप के मथुरा महानगर गोरक्षा प्रमुख लक्ष्मण सिंह के अनुसार, महिलाओं और कार्यकर्ताओं ने आरोपी से संपर्क कर उसे वृंदावन के चैतन्य विहार स्थित एक अतिथि गृह में बुलाया। उसके पहुंचते ही महिलाएं वहां पहुंच गईं और आरोपी के साथ मारपीट की।
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और साधु को हिरासत में लेकर वृंदावन कोतवाली ले गई। पुलिस मामले में लगाए गए आरोपों और घटनाक्रम की जांच कर रही है। आरोपों की पुष्टि जांच और कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button