नुन-कुन की तीन चोटियों पर सफल आरोहण, पर्वतारोहण दलों का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया सम्मान

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (NIM), उत्तरकाशी के चार सफल अभियानों की टीमों का फ्लैग-इन कर स्वागत किया।

देहरादून,एजेंसी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (एनआईएम), उत्तरकाशी के चार सफल पर्वतारोहण अभियानों का फ्लैग-इन किया। इनमें जवाहर पर्वतारोहण एवं शीतकालीन खेल संस्थान, पहलगाम के साथ संयुक्त रूप से संचालित अर्जेंटीना के माउंट एकांकागुआ अभियान भी शामिल रहा। मुख्यमंत्री ने अभियान दलों को बधाई देते हुए कठिन पर्वतीय परिस्थितियों में उनके साहस, अनुशासन, तकनीकी दक्षता और टीम भावना की सराहना की।
माउंट एकांकागुआ की 6,961 मीटर ऊंची चोटी के लिए संयुक्त अभियान का नेतृत्व कर्नल हेम चंद्र सिंह ने किया। छह सदस्यीय दल ने 22 फरवरी 2026 को सफलतापूर्वक शिखर पर आरोहण किया। अभियान को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने नई दिल्ली के साउथ ब्लॉक से रवाना किया था।
एनआईएम के नुन-कुन अभियान-2026 में भी पर्वतारोहियों ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की। संस्थान के प्रधानाचार्य कर्नल एस.एस. राजपुरोहित के नेतृत्व में दल ने 15 अगस्त को 7,077 मीटर ऊंची माउंट कुन चोटी पर तिरंगा फहराया। इसके बाद 26 अगस्त को 5,908 मीटर ऊंची माउंट डेल्टा-41 और 31 अगस्त को 7,135 मीटर ऊंची माउंट नुन चोटी पर भी सफल आरोहण किया गया। इस तरह दल ने एक ही अभियान के दौरान नुन-कुन पर्वत श्रृंखला की तीन चोटियों पर चढ़ाई पूरी की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्वतारोहियों की ये उपलब्धियां उत्तराखंड के साथ देश के युवाओं को साहसिक गतिविधियों के लिए प्रेरित करेंगी। उन्होंने कहा कि एनआईएम पर्वतारोहण, साहसिक खेलों, युवा विकास और उच्च हिमालयी प्रशिक्षण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। संस्थान के प्रशिक्षण से युवाओं में साहस, नेतृत्व, अनुशासन और कठिन परिस्थितियों का सामना करने की क्षमता विकसित होती है।
धामी ने कहा कि उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियां पर्वतारोहण और साहसिक पर्यटन के लिए व्यापक संभावनाएं उपलब्ध कराती हैं। ऐसे अभियानों की सफलता से युवाओं में साहसिक खेलों के प्रति रुचि बढ़ने के साथ प्रदेश की पहचान राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत होती है। इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग के अधिकारी, दोनों पर्वतारोहण संस्थानों के पदाधिकारी और विभिन्न अभियानों के सदस्य मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button