अभिनेत्री रानी मुखर्जी की मां कृष्णा मुखर्जी का निधन, 75 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस

रानी मुखर्जी और उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। एक्ट्रेस की मां का 75 साल की उम्र में निधन हो गया है, जिसकी जानकारी परिवार की तरफ से शेयर की गई है।

फाइल फोटो

एंटरटेनमेंट डेस्क, मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री रानी मुखर्जी की मां कृष्णा मुखर्जी का 75 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। परिवार की ओर से जारी आधिकारिक बयान में उनके निधन की पुष्टि की गई है। कृष्णा मुखर्जी के निधन की खबर से मुखर्जी परिवार में शोक का माहौल है। परिवार ने इस कठिन समय में लोगों से अपनी निजता का सम्मान करने की अपील की है।
परिवार की ओर से जारी बयान में कहा गया कि भारी मन से कृष्णा मुखर्जी के निधन की जानकारी दी जा रही है। परिवार ने इस दुख की घड़ी में मिले प्यार, प्रार्थनाओं और समर्थन के लिए लोगों का आभार जताते हुए एकांत बनाए रखने की अपील की है।
कृष्णा मुखर्जी बंगाली सिनेमा से जुड़ी रही थीं और प्लेबैक गायिका के तौर पर भी उन्होंने काम किया था। वर्ष 1982 में आई फिल्म ‘तीसरी आंख’ के गीत ‘ईद के दिन गले मिल ले राजा’ में उन्होंने अपनी आवाज दी थी। संगीत और सिनेमा से जुड़े माहौल के कारण रानी मुखर्जी के फिल्मी सफर में भी उनकी मां की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
रानी मुखर्जी ने वर्ष 2025 में एक पुराने साक्षात्कार के दौरान अपनी मां से जुड़ा एक किस्सा साझा किया था। उन्होंने बताया था कि उनकी मां ने उन्हें फिल्मों में आने का अवसर तो दिया, लेकिन शुरुआती दौर में उनके अभिनय को लेकर वह काफी स्पष्ट राय रखती थीं। रानी के अनुसार, उनके पहले स्क्रीन टेस्ट को देखने के बाद उनकी मां ने फिल्म के निर्माता से यहां तक कह दिया था कि उनकी बेटी को फिल्म में लेने से फिल्म को नुकसान हो सकता है।
रानी मुखर्जी ने यह भी बताया था कि फिल्म के निर्माता उन्हें अपनी फिल्म में लेना चाहते थे, लेकिन उनकी मां को लगा कि वह उस समय अपने अभिनय में बेहतर प्रदर्शन नहीं कर पा रही थीं। रानी और उनकी मां के बीच बेहद करीबी रिश्ता था। कृष्णा मुखर्जी के निधन से परिवार और उनके करीबियों में शोक की लहर है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button