शाहजहांपुर में जलती चिता पर मीट पकाने का आरोप, तीन युवक गिरफ्तार

यूपी के शाहजहांपुर में एक अजीबोगरीब घटना सामने आई है। यहां अंतिम संस्कार करने के बाद परिजन घर चले गए। जब बेटा कुछ देर बाद आया तो चिता पर तीन लोग मीट पकाते हुए मिले।

शाहजहांपुर,उत्तर प्रदेश। शाहजहांपुर जिले के पुवायां थाना क्षेत्र के नत्थापुर गांव में अंतिम संस्कार के बाद जलती चिता पर मीट पकाने का मामला सामने आया है। मृतक के बेटे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में युवकों ने नशे की हालत में चिता पर मीट पकाने की बात स्वीकार की है।
जानकारी के अनुसार नत्थापुर गांव निवासी करीब 60 वर्षीय छोटेलाल का लंबी बीमारी के बाद शनिवार को निधन हो गया था। रविवार दोपहर परिजन और रिश्तेदार श्मशान घाट पहुंचे, जहां अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी लोग घर लौट गए। कुछ देर बाद मृतक का बेटा वीरपाल कुछ रिश्तेदारों के साथ दोबारा श्मशान घाट पहुंचा। वहां उसने देखा कि पिता की जलती चिता के पास तीन युवक मीट पका रहे थे। बताया गया कि मीट एक बर्तन में रखा था और उसे चिता की आग पर पकाया जा रहा था।
घटना देखकर वीरपाल और उसके रिश्तेदारों ने एक युवक को मौके पर पकड़ लिया, जबकि दो अन्य युवक मोटरसाइकिल से फरार हो गए। इसके बाद पुलिस को डायल-112 के माध्यम से सूचना दी गई। पुलिस ने मौके से पकड़े गए युवक को हिरासत में लेने के साथ फरार दोनों युवकों को भी बाद में गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए युवकों की पहचान रामचरन, सुरेंद्र और राजेंद्र के रूप में हुई है।
मृतक के बेटे वीरपाल ने पुलिस को तहरीर देकर मामले में कार्रवाई की मांग की है। उसका कहना है कि उसके पिता की जलती चिता पर इस तरह मीट पकाया जाना बेहद आपत्तिजनक है। पुवायां के क्षेत्राधिकारी प्रवीण मलिक ने बताया कि मामले में तहरीर प्राप्त हो गई है और उसके आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button