कबूतर निकालने के प्रयास में कुएं में गिरा 10 वर्षीय रेहान, आठ घंटे बाद भी नहीं मिला सुराग; बचाव अभियान जारी
फतेहपुर के खखरेरू नगर पंचायत स्थित सरोजिनी नगर में शनिवार दोपहर करीब 12 बजे कबूतर निकालने के प्रयास में 10 वर्षीय रेहान शाह कुएं में गिर गया। आठ घंटे बाद भी उसका पता नहीं चल सका। पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीम बचाव अभियान में जुटी है।

संवाददाता/सत्येंद्र शुक्ला
फतेहपुर,उत्तर प्रदेश। जिले की नगर पंचायत खखरेरू के वार्ड नंबर 13 स्थित सरोजिनी नगर में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे के बाद हड़कंप मच गया। कबूतर निकालने के प्रयास में 10 वर्षीय बालक रेहान शाह कुएं में फिसलकर गिर गया। घटना के करीब आठ घंटे बीत जाने के बाद भी बालक का कोई सुराग नहीं मिल सका है। सूचना मिलते ही पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं और बचाव अभियान शुरू कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रेहान शाह पुत्र साबिर अली शाह दोपहर करीब 12 बजे कुएं में गिरे कबूतर को निकालने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान उसका पैर फिसल गया और वह गहरे कुएं में जा गिरा। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। परिजनों और स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। कुएं में पानी अधिक होने के कारण बालक को खोजने और बाहर निकालने में बचाव दल को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
मौके पर पुलिस बल और अग्निशमन विभाग की टीम लगातार बचाव कार्य में जुटी हुई है। नगर पंचायत अध्यक्ष ज्ञानचंद केसरवानी की मदद से कुएं का पानी निकालने के लिए तीन समरसेबल पंप और जनरेटर की व्यवस्था कराई गई है। पंपों के माध्यम से कुएं का पानी बाहर निकाला जा रहा है, ताकि जलस्तर कम होने पर बालक की तलाश तेज की जा सके।
हादसे के बाद से रेहान के परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और वे लगातार अपने बच्चे के सुरक्षित मिलने की आस लगाए हुए हैं। देर शाम तक बचाव अभियान जारी था, लेकिन बालक का पता नहीं चल पाया था। घटना से पूरे सरोजिनी नगर क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल बना हुआ है।




