आजमगढ़ में जेन जी और अल्‍फा उतरे सड़क पर, छात्रसंघ चुनाव बहाल कराने को निकाला विरोध मार्च

सपा छात्र सभा ने आजमगढ़ में छात्रसंघ चुनाव बहाली और फीस वृद्धि रोकने सहित सात मांगों को लेकर विरोध मार्च निकाला। कलेक्ट्रेट जाते समय पुलिस ने उन्हें रोका, जिसके बाद नोकझोंक हुई और बाद में एडीएम को ज्ञापन सौंपकर छात्र शांत हुए।

आजमगढ़/उत्तर प्रदेश। छात्रसंघ चुनाव बहाल कराने, मनमानी फीस वृद्धि पर रोक लगाने समेत सात मांगों को लेकर सपा छात्र सभा के सदस्यों ने गुरुवार को विरोध मार्च निकाला। कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन सौंपने जा रहे छात्रों को पुलिस ने रास्ते में रोक दिया। इसे लेकर छात्रों और पुलिस के बीच करीब आधे घंटे तक नोकझोंक हुई। छात्रों ने पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। एहतियातन मौके पर कई थानों की पुलिस तैनात रही।
छात्र कलेक्ट्रेट तक जाने की मांग पर अड़े रहे, जबकि पुलिस ने उन्हें आगे जाने की अनुमति नहीं दी। पुलिस का कहना था कि सड़क पर प्रदर्शन से आवागमन प्रभावित हो रहा है और आम लोगों को परेशानी हो रही है। इसको लेकर दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक बहस होती रही।
बाद में एडीएम वित्त एवं राजस्व गंभीर सिंह मौके पर पहुंचे और छात्रों को समझाया। इसके बाद छात्र शांत हुए और उन्हें ज्ञापन सौंपने की अनुमति दी गई। ज्ञापन देने के बाद छात्र वापस लौट गए।
ज्ञापन में प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में छात्रसंघ चुनाव तत्काल बहाल कराने तथा मनमानी फीस वृद्धि पर रोक लगाने की मांग की गई। पूर्व में बढ़ाई गई फीस की समीक्षा कर विद्यार्थियों को राहत देने की मांग भी उठाई गई।
इसके अलावा जौहर यूनिवर्सिटी के विरुद्ध की जा रही कार्रवाई बंद करने और महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय (एमएसडीयू) से संबद्ध महाविद्यालयों में प्रशासन की मनमानी रोकने की मांग की गई। छात्रों ने विद्यार्थियों की समस्याओं के समाधान के लिए लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व सुनिश्चित करने तथा फीस, छात्रवृत्ति और शिक्षा से जुड़ी शिकायतों की समयबद्ध सुनवाई की व्यवस्था करने की भी मांग रखी।ज्ञापन में इंजी. अभिषेक यादव, प्रदीप यादव, हुरेर शेख, शिव गोविंदान, विवेक माधव, सबनम खातून सहित अन्य के नाम शामिल हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button