‘फॉलोअर बढ़ाने के लिए वीडियो बनाया था’, अमरोहा में रीलबाज तीन बहनों की कैमरामैन से शादी निकली फर्जी
अमरोहा में फॉलोअर्स बढ़ाने के चक्कर में कैमरामैन से की गई "शादी" प्रैंक निकली। लड़कियों ने कहा कि 17 जुलाई को बनाया गया शादी का वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट करने के बाद उन्हें जमकर ट्रोल किया गया।

अमरोहा/उत्तर प्रदेश। जिले में सोशल मीडिया पर फॉलोअर्स बढ़ाने के लिए कैमरामैन के साथ शादी का वीडियो बनाना तीन बहनों को भारी पड़ गया। वायरल वीडियो को लेकर उठे विवाद के बाद सोमवार सुबह तीनों बहनें बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश हुईं, जहां उन्होंने इसे महज एक प्रैंक बताया और अपनी गलती स्वीकार की।
पूछताछ के दौरान बहनों ने बताया कि 17 जुलाई को बनाया गया यह वीडियो केवल सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के उद्देश्य से तैयार किया गया था। वीडियो के वायरल होने के बाद उन्हें तीखी ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा, जिससे बचने के लिए वे अब तक सच्चाई छिपाती रहीं।
बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष अतुलेश भारद्वाज ने बताया कि करीब चार घंटे तक चली पूछताछ में लड़कियों ने स्पष्ट किया कि उन्होंने कोई वास्तविक शादी नहीं की है, बल्कि यह एक मनोरंजनात्मक प्रैंक वीडियो था। आवश्यक दस्तावेज जमा कराने के बाद तीनों को परिजनों के साथ घर भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार, हसनपुर कोतवाली क्षेत्र के धौरिया गांव निवासी अलका (20) और संतोष सगी बहनें हैं, जबकि देविका (19) उनकी मौसी की बेटी है। तीनों बहनें सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं और इंस्टाग्राम व फेसबुक पर वीडियो बनाकर साझा करती हैं। श्यामपुरी गांव निवासी विकास उर्फ विक्कू इनके वीडियो का कैमरामैन है।
17 जुलाई को वायरल हुए वीडियो में विकास को तीनों बहनों के साथ शादी करते हुए दिखाया गया था, जिससे क्षेत्र में चर्चा और भ्रम की स्थिति पैदा हो गई थी। ‘राजपूत गर्ल’ नाम से प्रसिद्ध इनके सोशल मीडिया अकाउंट पर 4.72 लाख से अधिक फॉलोअर्स हैं और सैकड़ों पोस्ट साझा किए जा चुके हैं।
बताया जा रहा है कि शादी से जुड़े कंटेंट के बाद इनके हालिया 12 वीडियो पर लगभग 40 मिलियन व्यूज आ चुके हैं। हालांकि, इस प्रकरण ने सोशल मीडिया पर वायरल होने की होड़ में बनाए जा रहे भ्रामक कंटेंट पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।




