कानपुर-इटावा हाईवे पर महिला सिपाही और कांवड़ियों में विवाद, वीडियो वायरल

महिला सिपाही औरैया से कानपुर एक डॉक्‍टर की कार से जा रही थी। रास्‍ते में किसी बात को लेकर उसका कांवड़ियों से विवाद हो गया।

कानपुर/उत्तर प्रदेश। सावन के महीने में जारी कांवड़ यात्रा के बीच कानपुर-इटावा हाईवे पर महिला सिपाही और कांवड़ियों के बीच विवाद का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। वीडियो में महिला सिपाही कुछ लोगों से बहस करती नजर आ रही हैं। वहीं, कांवड़ियों ने महिला सिपाही पर गाली-गलौज करने का आरोप लगाया है।
घटना अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, रविवार को एक महिला सिपाही औरैया से कानपुर की ओर जा रही थीं। बताया गया कि रास्ते में उन्होंने एक कार सवार डॉक्टर से लिफ्ट ली थी। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनकी कांवड़ियों से बहस हो गई।
आरोप है कि विवाद के बाद कुछ कांवड़ियों ने महिला सिपाही का करीब 30 किलोमीटर तक पीछा किया। इसके बाद बारा टोल प्लाजा के पास कांवड़ियों ने उनकी कार को रोक लिया। मौके पर दोनों पक्षों के बीच करीब एक घंटे तक हंगामा और बहस होती रही।
कांवड़ियों ने महिला सिपाही से उनकी ड्यूटी, तैनाती और संबंधित थाने के बारे में जानकारी मांगी। विवाद की सूचना मिलने पर अकबरपुर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान महिला सिपाही की मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों से भी तीखी बहस होने की बात सामने आई है।
इंटरनेट मीडिया पर वायरल वीडियो में कुछ लोग महिला सिपाही से उनका नाम पूछते दिखाई दे रहे हैं। इस पर महिला सिपाही अपनी नेम प्लेट दिखाती नजर आ रही हैं। वीडियो में कुछ लोगों द्वारा किसी व्यक्ति से फोन पर उनकी बातचीत कराने की बात भी सामने आती है। फोन पर भी महिला सिपाही और संबंधित व्यक्ति के बीच तीखी बहस होती दिखाई दे रही है। महिला सिपाही संबंधित व्यक्ति को मौके पर आने के लिए कहती नजर आती हैं।
कांवड़ियों की ओर से महिला सिपाही पर अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया गया है। हालांकि विवाद की वास्तविक वजह क्या थी, इस संबंध में पुलिस की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।
अकबरपुर कोतवाली प्रभारी हरमीत सिंह ने बताया कि इंटरनेट मीडिया पर सामने आए वीडियो की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि कांवड़ियों और महिला सिपाही के बीच विवाद किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। साथ ही महिला सिपाही की तैनाती और पूरे घटनाक्रम से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है। पुलिस जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button