कौशांबी ग्राम समाज की जमीन पर कब्जे का आरोप, लेखपाल पर निर्माण दोबारा शुरू कराने की शिकायत, वीडियो वायरल

सचिन पाण्डेय,कौशांबी/उत्तर प्रदेश। जिले की चायल तहसील के बसुहार ग्राम पंचायत में ग्राम समाज की जमीन पर कथित अवैध कब्जे का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। ग्रामीणों के आरोपों और सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के बाद प्रशासनिक महकमे में हलचल तेज हो गई है। ग्रामीणों का कहना है कि सरकारी जमीन पर हो रहे निर्माण कार्य को रुकवाने के बावजूद बाद में दोबारा शुरू करा दिया गया।
जानकारी के अनुसार ग्राम समाज की जमीन पर कुछ लोगों द्वारा निर्माण कराया जा रहा था। शिकायत मिलने पर एसडीएम के निर्देश पर नायब तहसीलदार कपिल मिश्रा मौके पर पहुंचे और निर्माण कार्य को तत्काल रुकवा दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि नायब तहसीलदार के लौटने के बाद क्षेत्रीय लेखपाल अश्वनी यादव मौके पर पहुंचे और कथित रूप से कब्जाधारियों के पक्ष में खड़े होकर निर्माण कार्य दोबारा शुरू करा दिया। विरोध करने पर लेखपाल द्वारा अभद्र भाषा का प्रयोग किए जाने की भी शिकायत है।
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि संबंधित लेखपाल पर पहले भी ग्राम समाज की जमीनों पर अवैध कब्जा कराने और मोटी रकम वसूलने के आरोप लग चुके हैं। उनका कहना है कि इस तरह की गतिविधियां सरकारी जमीनों पर कब्जों को बढ़ावा देती हैं।
स्थानीय लोगों ने मामले की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि सरकारी जमीनों पर खुलेआम कब्जे होते रहे तो प्रशासन की कार्यप्रणाली और विश्वसनीयता पर सवाल उठना स्वाभाविक है।
प्रशासन का कहना है कि ग्रामीणों की शिकायत और वायरल वीडियो के आधार पर मामले की जांच कराई जा रही है। आरोप सही पाए जाने पर संबंधित लेखपाल के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।





