पुणे में नौ वर्षीय बच्ची की रेप के बाद हत्या से आक्रोश, पड़ोसी युवक गिरफ्तार; फास्ट-ट्रैक सुनवाई की मांग
पुणे के जुन्नर इलाके में 9 साल की बच्ची से दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई, जिसमें 25 वर्षीय पड़ोसी को गिरफ्तार किया गया है। इस घटना से पूरे इलाके में भारी आक्रोश है और ग्रामीण आरोपी को जल्द से जल्द फांसी देने की मांग कर रहे हैं।

पुणे/महाराष्ट्र। पुणे जिले के जुन्नर क्षेत्र के पिंपलवंडी गांव में नौ वर्षीय बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के मामले में पुलिस ने 25 वर्षीय पड़ोसी युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में बच्ची के साथ कथित दुष्कर्म के बाद उसकी हत्या किए जाने की बात सामने आई है। घटना के बाद इलाके में आक्रोश व्याप्त है और ग्रामीण आरोपी को कड़ी सजा देने की मांग कर रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक, बच्ची खेत मजदूर की बेटी थी और चौथी कक्षा में पढ़ती थी। मंगलवार को तबीयत खराब होने के कारण वह स्कूल नहीं गई थी। बताया गया है कि दोपहर के समय जब उसके माता-पिता घर पर नहीं थे, तभी आरोपी ने कथित तौर पर वारदात को अंजाम दिया।
शाम को बच्ची के घर नहीं लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद भी कोई सुराग नहीं मिलने पर पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई। पुलिस के अनुसार, आरोपी भी बच्ची की तलाश में ग्रामीणों और पुलिस के साथ शामिल रहा।
जांच के दौरान पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। एक फुटेज में साइकिल से जाता हुआ एक संदिग्ध दिखाई दिया। पूछताछ में पुलिस ने आरोपी की पहचान साहिल खैरे के रूप में की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर अपराध स्वीकार किया और उसकी निशानदेही पर नाले के पास पेड़ के नीचे से बच्ची का शव बरामद किया गया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।
घटना की जानकारी फैलते ही पिंपलवंडी और जुन्नर क्षेत्र में ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। परिजनों और ग्रामीणों ने न्याय की मांग को लेकर पुणे-नासिक हाईवे पर प्रदर्शन किया और यातायात बाधित किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा देने तथा मामले की सुनवाई फास्ट-ट्रैक अदालत में कराने की मांग की।
घटनास्थल का जायजा लेने पहुंचे पुणे ग्रामीण के एसपी संदीप सिंह गिल को भी ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा। प्रदर्शनकारियों ने आरोपी के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों ने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय में सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
घटना को गंभीरता से लेते हुए महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा अजीत पवार ने इसे बेहद गंभीर और मानवता को शर्मसार करने वाली घटना बताया। उन्होंने पुणे ग्रामीण एसपी से मामले की जानकारी लेकर निष्पक्ष और पारदर्शी जांच के निर्देश दिए। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि वह मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से मामले को फास्ट-ट्रैक अदालत में चलाने का विशेष अनुरोध करेंगी, ताकि दोष सिद्ध होने पर आरोपी को कानून के अनुसार जल्द से जल्द सजा मिल सके। फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।




