खंडवा छात्रावास में घटिया भोजन पर बवाल, इल्ली वाली थाली लेकर 4 किलोमीटर पैदल चल कलेक्ट्रेट पहुंचे छात्र
हॉस्टल के भोजन में बार-बार शिकायतों के बावजूद सुधार नहीं हुआ तो छात्रों ने इस बार सीधे प्रशासन का दरवाजा खटखटाया।

खंडवा/मध्यप्रदेश। खंडवा जिले में शासकीय छात्रावास की अव्यवस्थाओं और अमानक भोजन आपूर्ति को लेकर गंभीर मामला सामने आया है। घटिया गुणवत्ता का भोजन परोसे जाने से नाराज छात्रों ने विरोध का अनोखा तरीका अपनाते हुए इल्ली वाली थाली लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रदर्शन किया।
जानकारी के अनुसार, खंडवा स्थित संयुक्त परियोजना शासकीय छात्रावास में छात्रों को परोसे गए भोजन में दाल और चावल के भीतर इल्लियां तैरती हुई मिलीं। यह देख छात्र आक्रोशित हो उठे। छात्रों का आरोप है कि छात्रावास में लंबे समय से निम्न गुणवत्ता का भोजन दिया जा रहा है और बार-बार शिकायत के बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है।
प्रशासनिक उपेक्षा से क्षुब्ध दर्जनों छात्र भोजन की थालियां हाथ में लेकर छात्रावास से करीब चार किलोमीटर पैदल चलकर कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचे। इस दौरान उन्होंने हॉस्टल प्रबंधन और भोजन आपूर्ति करने वाले ठेकेदार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और अपनी समस्याओं को प्रशासन के सामने रखा।
कलेक्ट्रेट पहुंचने के बाद छात्रों ने परिसर में ही प्रदर्शन किया और अपनी थालियों में मौजूद इल्लियों को अधिकारियों के समक्ष साक्ष्य के रूप में प्रस्तुत किया। छात्रों ने बताया कि वे शिक्षा के लिए छात्रावास में रह रहे हैं, लेकिन उन्हें बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं। उन्होंने संबंधित ठेकेदार और छात्रावास अधीक्षक के खिलाफ तत्काल कड़ी कार्रवाई की मांग की।
छात्रों के कलेक्ट्रेट पहुंचने की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। सिटी मजिस्ट्रेट बजरंग बहादुर ने छात्रों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। अधिकारियों ने भोजन के सैंपल की जांच कराने और दोषी कर्मचारियों व ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। साथ ही तत्काल जांच टीम गठित करने की बात कही गई, जिसके बाद छात्र शांत हुए।




