फर्रुखाबाद में बैंक एटीएम मशीन से निकले 100-200 के नकली नोट
Fake notes of 100-200 rupees came out from bank ATM machine in Farrukhabad

फर्रुखाबाद/उत्तर प्रदेश। फर्रुखाबाद से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है। फर्रुखाबाद में इंडिया-1 एटीएम मशीन से 100 और 200 के नकली नोटों की बारिश हो रही है। एटीएम से निकलने वाले नोट इतने खरे थे कि असली और नकली के बीच फर्क करना मुश्किल था। सोमवार को एक युवक एटीएम से रूपये निकालने के लिए पहुंचा था। युवक ने एटीएम मशीन में कार्ड लगाया और पिन नंबर डालने के बाद अमाउंट डाला। इसके बाद उसने जैसे ही एंटर की बटन दबाई, तो एटीएम मशीन से नकली नोट निकलने लगे।
एटीएम मशीन से नकली नोट निकलते देख युवक का सिर चकरा गया। नकली नोट निकलने की खबर आस-पास के क्षेत्र में फैल गई। पीड़ित युवक नकली नोटों के साथ पुलिस के पास पहुंचा। हालांकि पुलिस ने उसकी बातों को गंभीरता से नहीं लिया। युवक के मुताबिक पुलिस ने कहा कि नोटों के असली-नकली की पहचान करना हमारा काम नहीं है। यह कहते हुए उसको वहां से चलता कर दिया।
इंडिया वन का एटीएम फर्रुखाबाद कोतवाली के ठीक सामने लगा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि त्योहार का समय चल रहा है। सभी को पैसों की जरूरत है, यदि एटीएम से नकली नोट निकलने लगेंगे, तो हमारा जमा धनराशि की भी हानि होगी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि एटीएम मशीन में रुपये लगाने वाली एजेंसी के कर्मचारियों के आलावा यह काम कोई और नहीं कर सकता है।
स्थानीय लोगों की नाराजगी के बाद पुलिस मौके पर पहुंची तो लेकिन खानापूर्ति कर वापस लौट गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि मंगलवार को इसकी शिकायत इंडिया वन बैंक के उच्चाधिकारियों से की जाएगी। इसके साथ ही जितने भी ग्राहकों के एटीएम से नकली नोट निकले हैं, उनकों बदलवाने का भी काम किया जाएगा।




