हरियाणा में आंगनबाड़ी वर्कर ने दो बच्चों के साथ वाटर टैंक में लगाई छलांग, तीनों की मौत

 

फतेहाबाद/हरियाणा। फतेहाबाद जिले से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है। भट्टू क्षेत्र के मेहुवाला गांव में एक आंगनबाड़ी वर्कर और उसके दो मासूम बच्चों की वाटर टैंक में डूबने से मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार महिला ने अपने दोनों बच्चों के साथ घर में बने करीब 10 फीट गहरे पानी के टैंक में छलांग लगा दी। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और सभी पहलुओं से मामले की पड़ताल की जा रही है।
मृतकों की पहचान 31 वर्षीय सुदेश, उसकी 10 वर्षीय बेटी ज्योति और 8 वर्षीय बेटे विनीत के रूप में हुई है। सुदेश गांव में आंगनबाड़ी वर्कर के रूप में कार्यरत थी। बताया जा रहा है कि घटना के समय उसके पति संदीप कुमार घर पर मौजूद नहीं थे। वह रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को पानी पिलाने गया हुआ था। संदीप खेतीबाड़ी का काम करता है और परिवार गांव से कुछ दूरी पर स्थित एक ढाणी में रहता था।
स्थानीय लोगों के अनुसार, पति संदीप शराब पीने का आदी था, जिसके चलते पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। गांव में यह भी चर्चा है कि घटना से एक दिन पहले दोनों के बीच कहासुनी हुई थी और इसके बाद काफी देर तक विवाद चलता रहा। हालांकि पुलिस ने अभी तक इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और पूरे मामले की जांच जारी है।
जानकारी के अनुसार, घर के बरामदे में पानी के भंडारण के लिए करीब 10 फीट गहरा वाटर टैंक बनाया गया था। जिस दिन घटना हुई, उसी दिन पानी की सप्लाई आने के कारण टैंक पूरी तरह भरा हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि महिला अपने दोनों बच्चों के साथ उसी भरे हुए टैंक में कूद गई, जिससे तीनों की डूबने से मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही पड़ोसी और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तथा तीनों को टैंक से बाहर निकाला, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया।
परिजनों के अनुसार, बेटी ज्योति गांव के स्कूल में चौथी कक्षा की छात्रा थी, जबकि बेटा विनीत तीसरी कक्षा में पढ़ता था। दोनों बच्चों की असमय मौत से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
भट्टू थाना प्रभारी वीर सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर आत्महत्या के एंगल से भी जांच की जा रही है। मृतका के मायके पक्ष के लोगों को सूचना दे दी गई है और उनके बयान दर्ज किए जाएंगे। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button