एसबीआई बैंक के क्लर्क ने किया 100 करोड़ का फर्जीवाड़ा
मथुरा की राधा वैली कॉलोनी में पहुंची पंजाब पुलिस

मथुरा/उत्तर प्रदेश। यूपी के मथुरा में पंजाब पुलिस जब 100 करोड़ का फर्जीवाड़ा करने के आरोपी बैंक क्लर्क को गिरफ्तार करने पहुंची तो जमकर हंगामा हुआ। करीब तीन घंटे तक हाईवोल्टेज ड्रामा चला। आरोपी क्लर्क अमित ढींगरा फरीदकोट के एसबीआई सादिक शाखा में तैनात था। पुलिस टीम को देखते ही अमित ढींगरा ने नौंवी मंजिल से कूदकर आत्महत्या करने की धमकी दी। ढींगरा पर 130 ग्राहकों के खातों से अनधिकृत रूप से करीब 100 करोड़ रुपये निकालने का आरोप है। इस सिलसिले में पंजाब पुलिस उसे गिरफ्तार कर अपने साथ फरीदकोट ले गई।
पंजाब पुलिस ने मथुरा के राधा वैली कॉलोनी से आरोपी क्लर्क को गिरफ्तार किया। ग्राहकों की शिकायत के बाद बैंक द्वारा की गई जांच में यह फर्जीवाड़ा सामने आया था। फरीदकोट के सादिक थाने के प्रभारी नवदीप सिंह ने बताया कि कुछ ग्राहकों ने बैंक से कृषि ऋण खातों और फिक्स्ड डिपॉजिट खातों में लेन-देन से संबंधित गड़बड़ियों की शिकायत की थी। जांच में पता चला कि 130 ग्राहकों के खातों से अनधिकृत रूप से करीब 100 करोड़ रुपये की धनराशि निकाली गई है। जांच में क्लर्क अमित ढींगरा का नाम सामने आया।
बैंक के उप प्रबंधक ने 21 जुलाई को अमित के खिलाफ सादिक थाने में करीब दस लाख रुपये का फर्जीवाड़ा करने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। हालांकि उप प्रबंधक ने बैंक से करीब 100 करोड़ रुपये की हेराफेरी होने की आशंका जताई है। बताया जा रहा है कि इसके बाद अमित ने परिचित के माध्यम से मथुरा की कॉलोनी राधा वैली निर्मला-सी फ्लैट नंबर 901 किराये पर लिया। वह 22 जुलाई से यहां रहने लगा था।




