दिल्ली पुलिस का कांस्टेबल निकला एटीएम चोरी गैंग का सरगना, गेमिंग का कर्ज चुकाने के लिए काटने लगा एटीएम

फरीदाबाद में एटीएम काटकर लाखों की चोरी का मास्टरमाइंड दिल्ली पुलिस का सिपाही निकला। ऑनलाइन गेमिंग के कर्ज में डूबे सिपाही ने भतीजे और वेल्डिंग मजदूरों संग दो वारदातें कराईं। पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जांच तेज कर दी। पुलिस इस मामले जल्द बड़े खुलासे करेगी।

फरीदाबाद। शहर के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में एटीएम मशीनों को गैस कटर से काटकर लाखों रुपये चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। हैरान करने वाली बात यह है कि इस पूरे घटनाक्रम का मास्टरमाइंड दिल्ली पुलिस का सिपाही निकला। पुलिस ने सिपाही समेत उसके भतीजे और अन्य सहयोगियों को मिलाकर कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी बिहार की जेल में बंद है, जिसे प्रोडक्शन वारंट पर लाया जाएगा।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार सिपाही की पहचान हुकमचंद निवासी गांव अटाली और उसके भतीजे अरविंद के रूप में हुई है। इनके साथ बिहार निवासी विकास कुमार समेत अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया है। यह गिरोह एटीएम काटने के लिए गैस वेल्डिंग करने वाले मजदूरों को लालच देकर अपने साथ जोड़ता था और उन्हें वारदात अंजाम देने के लिए तकनीकी सहायता प्रदान करता था।
हिताची पेमेंट सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधि की शिकायत के अनुसार, 3 जुलाई 2026 की रात भूपानी मोड़ स्थित एक एटीएम को गैस कटर से काटकर उसमें रखी 6.53 लाख रुपये की नकदी चोरी कर ली गई थी। जांच के दौरान क्राइम ब्रांच ने विकास कुमार, हुकमचंद और अरविंद को गिरफ्तार किया।
जांच में सामने आया कि सिपाही हुकमचंद को ऑनलाइन गेमिंग की लत थी, जिसके चलते उस पर लाखों रुपये का कर्ज हो गया था। कर्ज चुकाने के लिए उसने अपने भतीजे के साथ मिलकर एटीएम काटने की योजना बनाई। इसके लिए उन्होंने बिहार निवासी विकास और राजू को अपने साथ शामिल किया, जो गैस वेल्डिंग का काम करते हैं।
पुलिस ने बताया कि आरोपी हुकमचंद ने पहले एटीएम काटने के वीडियो साझा किए और फिर बिना सुरक्षा वाले एटीएम बूथों की पहचान कर उनके बारे में जानकारी दी। इसके अलावा गैस कटर सहित अन्य उपकरण भी उपलब्ध कराए गए। योजना के तहत 3 जुलाई की रात भूपानी क्षेत्र में एटीएम काटकर लाखों रुपये की चोरी की गई।
इसके अलावा थाना सेक्टर-58 क्षेत्र में भी 2 जुलाई की रात एक अन्य एटीएम से करीब 5.71 लाख रुपये चोरी किए गए थे। इस मामले में विकास कुमार ने अपने अन्य साथियों विशाल और अभिषेक को बिहार से बुलाकर वारदात को अंजाम दिया। इस दौरान राजू बिहार में एक अन्य मामले में जेल चला गया था।
एसीपी क्राइम अमन यादव के अनुसार, सभी आरोपियों को पांच दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ के दौरान और भी वारदातों का खुलासा हो सकता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button