गुरुग्राम में 14 हजार से ज्यादा महिलाओं ने पकड़ीं आर्थिक उन्नति की राह, हजारों बनीं सफल उद्यमी
प्रशिक्षण और ऋण की व्यवस्था रूडसेट की ओर से की जाती है। शहर के चार अलग-अलग हिस्सों में ऐसी महिलाओं के लिए प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किए गए हैं। इनमें 60 प्रकार के प्रशिक्षण महिलाओं को दिए जा रहे हैं। महिलाओं की ओर से निर्मित उत्पादों की खरीद बिक्री की व्यवस्था आजीविका मिशन के तहत की जाती है।
हस्तशिल्प मेलों से लेकर बड़े-बड़े शहरों में लगने वाले हाट तक में महिलाओं के उत्पादों को प्रदर्शित कर उनकी बिक्री की जाती है। इसमें घर की साज-सज्जा से लेकर खाने-पीने तक की चीजें शामिल हैं। इनके अलावा दूध व इससे बने उत्पाद, जैसे, पनीर, खोया, दही और मिठाइयां भी शामिल हैं।
हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन की जिला परियोजना प्रबंधक दीप्ति ढींढसा के मुताबिक अब तक 8011 महिलाएं अपना उद्यम स्थापित कर चुकी हैं। 14,752 महिलाओं को स्वयं सहायता समूह से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया गया है। महिलाएं बीमा पॉलिसी, बैंक सखी जैसी सेवाओं से जुड़कर भी आर्थिक उन्नति कर रही हैं। रूडसेट के निदेशक संजय ढींगड़ा ने बताया कि महिलाओं को 60 से अधिक प्रकार का प्रशिक्षण देकर उन्हें अपना स्टार्टअप शुरू करने के लिए तैयार किया जाता है।
हील्स ऑन व्हील्स: बाइक रैली निकालकर महिलाओं ने मनाया जश्न
अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में नारी शक्ति ने रविवार को शहर में बाइक रैली निकालकर जश्न मनाया। भारत सरकार के कपड़ा मंत्रालय के सहयोग से राइडर्स अहॉय मोबाइल एप ने इसका आयोजन किया था। इसमें शहर की 45 कामकाजी और घरेलू महिलाओं ने हिस्सा लिया। इनमें आईटी एक्सपर्ट से लेकर मेडिकल प्रोफेशनल, शिक्षिकाएं और सरकारी विभागों में काम करने वाली महिलाओं के साथ-साथ गृहणियां भी शामिल रहीं। रैली को सुबह सात बजे अहॉय एप के सह संस्थापक ईशान काचरू ने हरी झंडी दिखाकर लेजर वैली पार्क से रवाना किया। रैली पार्क से हुड्डा सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन होते हुए, सेक्टर 55-56 चौक से डीएलएफ फेज वन, गोल्फ कोर्स रोड से फरीदाबाद रोड पहुंची। वहीं पर इसका समापन हो गया।