अनूपपुर में पैरालीगल वॉलेंटियर्स के लिए साइबर सुरक्षा प्रशिक्षण आयोजित

सुमिता शर्मा/जिला ब्यूरो चीफ
अनूपपुर/मध्य प्रदेश। मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अनूपपुर श्रीमती माया विश्वलाल के मार्गदर्शन में होटल मंदाकिनी में पैरालीगल वॉलेंटियर्स के लिए “सीआईएस साइबर सुरक्षा” विषय पर प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में श्रीमती माया विश्वलाल ने डिजिटल युग में साइबर सुरक्षा, डेटा गोपनीयता और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचाव के प्रति जागरूक रहने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि बढ़ते साइबर अपराधों के दौर में प्रत्येक नागरिक को सतर्क रहकर सुरक्षित डिजिटल व्यवहार अपनाना चाहिए।
सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री रावेन्द्र सोनी ने पैरालीगल वॉलेंटियर्स की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए उन्हें समाज में जागरूकता फैलाने और नागरिकों को ई-कोर्ट सेवाओं से जोड़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पैरालीगल वॉलेंटियर्स न्यायिक सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण कड़ी हैं।
प्रशिक्षण सत्र के दौरान सिस्टम ऑफिसर श्री पवन सिंह ने केस स्टेटस, ई-फाइलिंग, ई-पे सहित विभिन्न ऑनलाइन न्यायिक सेवाओं का लाइव प्रदर्शन किया और इनके उपयोग की जानकारी दी। वहीं साइबर सेल के हेड कॉन्स्टेबल श्री राजेन्द्र अहिरवार तथा जिला सूचना अधिकारी श्री देवेंद्र कुमार देवांगन ने साइबर अपराधों से बचाव के उपाय, सुरक्षित डिजिटल व्यवहार, मजबूत पासवर्ड, टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन (2FA) और साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम के अंत में पैरालीगल वॉलेंटियर्स ने साइबर सुरक्षा संबंधी जागरूकता को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर न्यायाधीशगण, जिला विधिक सहायता अधिकारी, अधिवक्ता संघ के पदाधिकारी, लीगल एड डिफेंस काउंसिल के अधिवक्ता एवं बड़ी संख्या में पैरालीगल वॉलेंटियर्स उपस्थित रहे।




