नंद नगरी में कुख्यात मोबाइल स्नैचर गिरफ्तार, 5 मोबाइल व चोरी की स्कूटी बरामद

राजीव कुमार गौड़ / दिल्ली स्टेट हेड
उत्तर-पूर्वी दिल्ली। नंद नगरी थाना पुलिस ने स्ट्रीट क्राइम पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक कुख्यात मोबाइल स्नैचर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से पांच चोरी/लूटे गए मोबाइल फोन और एक चोरी की होंडा एक्टिवा स्कूटी बरामद की है, जिसका इस्तेमाल वारदातों में किया जा रहा था।
पुलिस के अनुसार, 6 जुलाई 2026 को बी-6 धर्मशाला, नंद नगरी के पास मोबाइल स्नैचिंग की सूचना मिली। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुंची और पीड़िता पूजा का बयान दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 304(2) के तहत मामला दर्ज किया गया।
मामले की जांच के दौरान एसएचओ इंस्पेक्टर वीरेंद्र के नेतृत्व में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण, तकनीकी निगरानी और स्थानीय सूचना के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान आकाश (36), निवासी नाथू कॉलोनी, नंद नगरी के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपी ने कई स्नैचिंग वारदातों में शामिल होने की बात कबूल की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने पांच चोरी/लूटे गए मोबाइल फोन और एक चोरी की होंडा एक्टिवा स्कूटी बरामद की, जिसे पहले नंद नगरी थाना क्षेत्र से चोरी किया गया था।
पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ पूर्व में दिल्ली आबकारी अधिनियम का एक मामला दर्ज है। फिलहाल पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है और आरोपी के अन्य साथियों व अन्य मामलों में संलिप्तता की जांच जारी है।




