भजनपुरा थाना पुलिस की बड़ी कार्रवाई: लूट की वारदात के तुरंत बाद तीन आरोपी गिरफ्तार, नकदी व चाकू बरामद

राजीव कुमार गौड़ / दिल्ली स्टेट हेड

उत्तर-पूर्वी दिल्ली। भजनपुरा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लूट की वारदात को अंजाम देने वाले तीन आरोपियों को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया पर्स, नकदी और वारदात में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया है।
घटना 7 जुलाई 2026 की है, जब गली नंबर-11, मोहनपुरी के पास चाकू की नोक पर लूट की सूचना पुलिस को मिली। पीड़ित मोहम्मद हिदायतुल्लाह (29) ने बताया कि तीन युवकों ने उसे चाकू दिखाकर उसका पर्स लूट लिया और मौके से भागने लगे।
शोर सुनकर पास में गश्त कर रही पुलिस टीम—कांस्टेबल बलराज और हेड कांस्टेबल श्रीपाल—ने तुरंत सतर्कता दिखाते हुए स्थानीय लोगों की मदद से आरोपियों का पीछा किया और तीनों को मौके पर ही पकड़ लिया।
सूचना पर एसआई विवेक व कांस्टेबल यतेंद्र मौके पर पहुंचे और आरोपियों को हिरासत में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू की। तलाशी के दौरान आरोपी जुहैब उर्फ जुब्बी के पास से किचन चाकू बरामद हुआ, जबकि मोहम्मद कैफ के कब्जे से लूटा गया पर्स मिला। पर्स में पीड़ित का आधार कार्ड और 1600 रुपये नकद सुरक्षित पाए गए।
इस संबंध में भजनपुरा थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 309(4), 307(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जुहैब उर्फ जुब्बी (18), मोहम्मद कैफ (20) और उमर (20) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, तीनों का कोई पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई और स्थानीय नागरिकों के सहयोग से आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और लूटा गया सामान बरामद किया जाना उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस की सतर्कता और अपराध नियंत्रण के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button