मुंबई के साकीनाका में खुले मैनहोल में गिरकर 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत, बीएमसी के चार अधिकारी सस्पेंड

मुंबई के साकीनाका में भारी बारिश के दौरान एक व्यक्ति की मैनहोल में गिरने से मौत हो गई। इस घटना के बाद बीएमसी ने चार अधिकारियों को निलंबित कर दिया है।

मुंबई/एजेंसी। मुंबई के अंधेरी ईस्ट स्थित साकीनाका इलाके में भारी बारिश के दौरान खुले मैनहोल में गिरने से एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) ने जांच पूरी होने तक ‘L’ वार्ड के असिस्टेंट कमिश्नर समेत चार अधिकारियों को निलंबित कर दिया है। मृतक की पहचान साकीनाका के यादव नगर निवासी असलम इसाक शेख (60) के रूप में हुई है। बीएमसी के अनुसार, वह पैदल जा रहे थे और खैरानी रोड पर चल रहे मरम्मत कार्य के दौरान खुले मैनहोल में गिरकर ड्रेनेज में बह गए।
यह घटना साकीनाका पुलिस स्टेशन क्षेत्र में उस समय हुई, जब पानी निकासी ग्रिल की मरम्मत का काम चल रहा था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि प्राइवेट कॉन्ट्रैक्ट स्टाफ द्वारा मरम्मत के लिए मैनहोल का ढक्कन हटाया गया था। घटना की सूचना मुंबई फायर ब्रिगेड (एमएफबी) को गुरुवार दोपहर 12:26 बजे मिली। अधिकारी ए.बी. सोनावणे के अनुसार, सूचना मिलते ही रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। तेज जल प्रवाह के कारण टीम ने आगे के मैनहोल को खोलकर तलाशी अभियान चलाया, जहां व्यक्ति बेहोशी की हालत में मिला। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, मृतक घटना के समय मोबाइल पर बात कर रहा था और संभवतः ध्यान भटकने के कारण खुले मैनहोल में गिर गया। प्राइवेट कर्मचारियों ने उसे ढूंढने के लिए सीढ़ी डाली, लेकिन मौके पर केवल उसका छाता और चप्पलें ही बरामद हुईं।
घटना की गंभीरता को देखते हुए बीएमसी म्युनिसिपल कमिश्नर अश्विनी भिड़े के निर्देश पर एडिशनल म्युनिसिपल कमिश्नर (वेस्टर्न सबर्ब्स) की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय जांच समिति गठित की गई है। समिति को सात दिनों के भीतर विस्तृत रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button