कैंसर जांच में देरी से मरीज परेशान, दिल्ली के कैंसर इंस्टीट्यूट के मरीजों का दर्द,डीएससीआई में सीटी स्कैन के लिए लंबी वेटिंग

दिल्ली स्टेट कैंसर इंस्टीट्यूट में सीटी स्कैन और रिपोर्ट के लिए लंबे वेट से मरीजों को परेशानी हो रही है। मशीन खराब होने और एक्सपर्ट्स की कमी के कारण जांच प्रभावित है, जिससे कैंसर मरीजों के इलाज और निदान में देरी हो रही है।

नई दिल्ली/एजेंसी। राजधानी के दिल्ली स्टेट कैंसर इंस्टीट्यूट (डीएससीआई) में कैंसर मरीजों को जांच के लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है, जिससे गंभीर मरीजों की हालत और बिगड़ने की आशंका बढ़ गई है। सूत्रों के अनुसार रोहिणी निवासी पन्ना लाल के पिता इसका एक उदाहरण हैं, जो गले के असहनीय दर्द से जूझ रहे हैं और ठीक से भोजन तक नहीं कर पा रहे हैं।
पन्ना लाल अपने पिता के इलाज के लिए डीएससीआई पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद सीटी स्कैन कराने की सलाह दी। हालांकि, जांच के लिए उन्हें 25 अगस्त की तारीख दे दी गई, जबकि मरीज की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। यह समस्या केवल एक मरीज तक सीमित नहीं है, बल्कि कई मरीजों को सीटी स्कैन के लिए लंबी तारीख दी जा रही है।
जानकारी के अनुसार, डीएससीआई में दिल्ली के अलावा आसपास के राज्यों से भी बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए आते हैं, लेकिन संसाधनों की कमी के कारण उन्हें समय पर सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। सूत्रों के मुताबिक, पिछले करीब पांच वर्षों से संस्थान में सीटी स्कैन मशीन ठीक से काम नहीं कर रही है, जिससे जांच प्रभावित हो रही है।
इस स्थिति का फायदा उठाकर अस्पताल के बाहर दलाल सक्रिय हो गए हैं, जो मरीजों को कम दाम में जांच कराने का लालच देकर अपने जाल में फंसा रहे हैं। फिलहाल मरीजों की जांच पीईटी सीटी स्कैन मशीन से की जा रही है, ताकि उन्हें बाहर न जाना पड़े, लेकिन सीमित क्षमता के कारण लंबी वेटिंग की समस्या बनी हुई है।
अस्पताल के एक डॉक्टर ने बताया कि रेडियोलॉजी विभाग में डॉक्टरों की कमी भी एक बड़ी वजह है, जिसके चलते जांच और रिपोर्ट दोनों में देरी हो रही है। इससे कैंसर मरीजों के उपचार पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
वहीं, डीएससीआई की कार्यवाहक निदेशक डॉ. सविता अरोड़ा ने कहा कि जांच व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। जांच में देरी के मामले में एक कर्मचारी पर कार्रवाई भी की गई है। साथ ही संस्थान में एक वरिष्ठ डॉक्टर की नियुक्ति के प्रयास जारी हैं, जिससे आने वाले समय में स्थिति में सुधार की उम्मीद है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button