आजमगढ़ में ढाबे पर दबंगई, भाजपा नेता बताकर भोजन के पैसे देने से किया इन्कार; विरोध पर की मारपीट

आजमगढ़ में एक ढाबे पर तीन युवकों ने भाजपा नेता बताकर भोजन के पैसे देने से इनकार कर दिया और मांगने पर ढाबा संचालक व उसकी पत्नी से मारपीट की। पुलिस को सूचना मिलने पर आरोपी लगभग तीन हजार रुपये का भुगतान कर फरार हो गए, जिसके बाद पीड़ित पत्नी ने थाने में तहरीर दी है।

आजमगढ़/उत्तर प्रदेश। जौनपुर-आजमगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित एक ढाबे पर देर रात दबंगई और मारपीट का मामला सामने आया है। काली स्कार्पियो से पहुंचे तीन युवकों पर भोजन पैक कराने के बाद रुपये देने से इन्कार करने और खुद को भाजपा नेता बताकर धमकाने का आरोप है। पीड़ित पक्ष ने बरदह थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, जीवली पेट्रोल पंप के पास रामा हॉस्पिटल के समीप संचालित मौर्या शुद्ध शाकाहारी ढाबे के संचालक चंद्र प्रकाश मौर्य ने बताया कि शुक्रवार देर रात करीब 11 से 12 बजे के बीच तीन युवक उनके ढाबे पर पहुंचे। युवकों ने 14 स्पेशल शाकाहारी थालियां पैक कराईं और गाड़ी में रखवा दीं, इसके बाद तीन थालियां ढाबे पर बैठकर खाईं।
आरोप है कि भोजन करने के बाद जब बिल मांगा गया तो युवकों ने रुपये देने से साफ इन्कार कर दिया और खुद को भाजपा नेता बताते हुए धमकी देने लगे। विरोध करने पर तीनों युवक आक्रामक हो गए और संचालक के साथ मारपीट शुरू कर दी।
पीड़ित पक्ष के अनुसार, आरोपितों ने संचालक के बच्चे को उठाकर पटकने का प्रयास किया तथा उनकी पत्नी लक्ष्मी मौर्य के साथ अभद्रता भी की। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी गई। घटना के दौरान लक्ष्मी मौर्य ने बरदह पुलिस को फोन कर सूचना दी।
पुलिस के आने की भनक लगते ही आरोपितों ने मामला शांत कराने का प्रयास किया और करीब तीन हजार रुपये का भुगतान कर दिया, लेकिन पुलिस के पहुंचने से पहले ही मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़ितों से जानकारी ली। शनिवार को लक्ष्मी मौर्य ने बरदह थाने में लिखित तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button