यूएई ने 15 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर लगाया प्रतिबंध, कंपनियों को दिए सख्त निर्देश

संयुक्त अरब अमीरात ने 15 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया पर प्रतिबंध लगा दिया है। ऑस्ट्रेलिया, ब्रिटेन और कनाडा जैसे देशों ने भी बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल पर बैन लगाया है।

दुबई/एजेंसी। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) ने 15 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के लिए सोशल मीडिया के उपयोग पर प्रतिबंध लगाने का ऐलान किया है। गुरुवार को जारी कैबिनेट प्रस्ताव के तहत यूएई इस तरह का कदम उठाने वाला अरब क्षेत्र का पहला देश बन गया है। इसके साथ ही यूएई उन देशों की सूची में शामिल हो गया है, जिन्होंने बच्चों के लिए सोशल मीडिया उपयोग पर कड़े नियम लागू किए हैं।
प्रस्ताव के अनुसार सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स को 15 वर्ष से कम उम्र के बच्चों के अकाउंट्स पर कड़ी निगरानी रखनी होगी और गलत उम्र बताकर बनाए गए अकाउंट्स को बंद करना होगा। इसके लिए कंपनियों को 12 महीने का संक्रमण काल दिया गया है, ताकि वे आवश्यक तकनीकी और नियामकीय व्यवस्थाएं विकसित कर सकें। नए नियमों के तहत 15 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को सोशल मीडिया पर व्यक्तिगत अकाउंट बनाने या संचालित करने की अनुमति नहीं होगी। साथ ही उन्हें ऐसे फीचर्स के उपयोग से भी रोका गया है, जिनमें सामाजिक संवाद, टिप्पणी करना या अन्य इंटरैक्टिव गतिविधियां शामिल हैं।
सरकार ने 15 से 16 वर्ष आयु वर्ग के किशोरों के लिए भी सशर्त पहुंच का प्रावधान किया है। इसके तहत प्लेटफॉर्म्स को आयु-आधारित कंटेंट फिल्टर, सीमित बातचीत, स्क्रीन टाइम नियंत्रण और पैरेंटल कंट्रोल जैसे सुरक्षा उपाय लागू करने होंगे।
कैबिनेट प्रस्ताव में कंपनियों के लिए सटीक और विश्वसनीय आयु सत्यापन प्रणाली लागू करना अनिवार्य किया गया है। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वाले अकाउंट्स की सक्रिय निगरानी कर उन्हें बंद करने के निर्देश दिए गए हैं।
इस नीति में यह भी स्पष्ट किया गया है कि माता-पिता की सहमति के बावजूद आयु सीमा में छूट नहीं दी जाएगी। इसके अलावा बच्चों के व्यक्तिगत डेटा के व्यावसायिक उपयोग, विशेषकर व्यवहार-आधारित लक्षित विज्ञापनों के लिए, सख्त प्रतिबंध लगाया गया है।
सरकार का कहना है कि यह कदम नाबालिगों के लिए सुरक्षित डिजिटल वातावरण सुनिश्चित करने और परिवारों को बच्चों के जिम्मेदार डिजिटल उपयोग के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश प्रदान करने की दिशा में उठाया गया एक महत्वपूर्ण कदम है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button