नासा के सबसे उम्रदराज एस्ट्रोनॉट ने की धरती पर लैंडिंग
70वें बर्थडे पर अंतरिक्ष से धरती पर पहुंचे डॉन पेटिट

मॉस्को/एजेंसी। आखिर कोई अपना 70वां जन्मदिन कैसे मनाने की कल्पना करता होगा। शायद केक और परिवार के साथ एक छोटा सा समारोह, जिसमें खास लोग शामिल हों, लेकिन नासा के सबसे उम्रदराज अंतरिक्ष यात्री डॉन पेटिट ने अपना 70वां जन्मदिन अनोखे अंदाज में मनाया। पेटिट ने अपने 70वां साल तब पूरा किया, जब वे अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन पर सात महीने का मिशन पूरा करके अंतरिक्ष यान में सवार होकर पृथ्वी की ओर बढ़ रहे थे। रविवार को उन्होंने पृथ्वी पर लैडिंग की, जो उनका 70वां जन्मदिन था।
अमेरिकी और दो रूसी अंतरिक्ष यात्रियों को लेकर सोयुज कैप्सूल रविवार को कजाकिस्तान में उतरा। रूसी अंतरिक्ष एजेंसी रॉस्कॉस्मोस ने कहा, ‘आज सुबह 04:20 बजे मॉस्को समय पर एलेक्सी ओविचिनिन, इवान वैगनर और डोनाल्ड (डॉन) पेटिट के साथ सोयुज एमएस-26 लैंडिंग क्राफ्ट कजाख शहर जेज्काजगन के पास उतरा।’
अंतरिक्ष में 220 दिनों के मिशन के दौरान पेटिट और उनके साथियों ने पृथ्वी की 3520 बार परिक्रमा की और 9.33 करोड़ मील की यात्रा पूरी की। यह पेटिट की चौथी अंतरिक्ष उड़ान थी। उन्होंने अपने 29 साल के करियर में 18 महीने से अधिक समय तक कक्षा में बिताया है। अंतरिक्ष स्टेशन से अनडॉक होने के तीन घंटे बाद तीनों अंतरिक्ष यात्री कजाकिस्तान के दक्षिण-पूर्व में एक सुदूर इलाके में उतरे। नासा ने लैंडिंग की तस्वीरें जारी की हैं, जिसमें एक छोटा कैप्सूल पैराशूट के जरिए धरती पर उतरता दिखाई दे रहा था। उसके पीछे सूर्योदय दिख रहा था।
नासा ने एक बयान में कहा कि अंतरिक्ष यान से निकाले जाने के बाद पेटिट की हालत थोड़ी खराब दिख रही थी, लेकिन वह अच्छा महसूस कर रहे थे। धरती पर लौटने के बाद उनसे जो उम्मीद की जा रही थी, उसके मुताबिक ठीक था। तीनों अंतरिक्ष यात्रियों की सात महीने की यात्रा नासा के एस्ट्रोनॉट बुच विल्मोर और सुनीता विलियम्स के 9 महीने से थोड़ी ही कम थी। सुनीता और विल्मोर बीते साल जून में एक सप्ताह के मिशन पर अंतरिक्ष में गए थे, लेकिन अंतरिक्षयान में तकनीकी समस्या के चलते दोनों को 9 महीने स्पेस स्टेशन पर रहना पड़ा था।




