जनकल्याण शिविर में उमड़ा जनसैलाब, 22 विभागों की योजनाओं का एक ही मंच पर मिला लाभ

सुमिता शर्मा,अनूपपुर/मध्य प्रदेश। नगर परिषद बनगवां राजनगर द्वारा आयोजित जनकल्याण शिविर में रविवार को भारी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ी, जहां सैकड़ों हितग्राहियों ने शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ उठाया। शिविर में प्रशासन द्वारा एक ही स्थान पर 22 से अधिक विभागों को शामिल कर नागरिकों को सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं, जिससे आमजन को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिली।
शिविर में स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, कृषि, श्रम, राजस्व सहित अन्य विभागों ने अपने-अपने स्टॉल लगाकर योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत योजना तथा विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं से संबंधित जानकारी विशेष रूप से लोगों को प्रदान की गई। पात्र हितग्राहियों के आवेदन स्वीकार किए गए, वहीं कई शिकायतों और लंबित मामलों का मौके पर ही निराकरण कर लोगों को त्वरित राहत दी गई।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य नगर पालिका अधिकारी लखन पनिका ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सीएम हेल्पलाइन के लंबित प्रकरणों का शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को समय पर न्याय मिल सके। शिविर में जनप्रतिनिधियों, पार्षदों एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही, जिन्होंने उत्साहपूर्वक भाग लेकर योजनाओं की जानकारी हासिल की।
जनकल्याण शिविर का मुख्य उद्देश्य शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना तथा प्रशासनिक सेवाओं को सरल, सुलभ और पारदर्शी बनाना रहा। शिविर के सफल आयोजन से क्षेत्र के लोगों में संतोष और विश्वास का माहौल देखा गया।




