नंद नगरी ट्रैफिक सर्किल में अतिक्रमण और अवैध पार्किंग के खिलाफ विशेष अभियान

राजीव कुमार गौड़/दिल्ली स्टेट हेड

दिल्ली ब्यूरो। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के नंद नगरी ट्रैफिक सर्किल में यातायात नियमों के पालन, सड़क सुरक्षा और अतिक्रमण के खिलाफ लगातार जागरूकता एवं प्रवर्तन अभियान चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में 17 सितंबर 2026 को डीसीपी ट्रैफिक ईस्टर्न रेंज श्वेता सिंह चौहान के निर्देशन तथा ट्रैफिक इंस्पेक्टर विकास पंवार के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान नत्थू कॉलोनी फ्लाईओवर से लेकर 100 फुटा टी-प्वाइंट, मौजपुर तक सड़क किनारे अवैध एवं गलत तरीके से खड़े वाहनों और फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई की गई।
अभियान में ट्रैफिक पुलिस के साथ एमसीडी, पीडब्ल्यूडी और स्थानीय थाना पुलिस की टीमें भी शामिल रहीं। संयुक्त टीम ने सड़क किनारे यातायात में बाधा उत्पन्न करने वाले वाहनों तथा फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ चालान भी किए गए। अभियान के दौरान करीब 200 मोटरसाइकिलों के चालान किए जाने की जानकारी दी गई, जबकि लगभग 40 रेहड़ी-पटरी को सड़क और फुटपाथ से हटाया गया।
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, अभियान का उद्देश्य सड़क पर अव्यवस्थित पार्किंग और अतिक्रमण के कारण उत्पन्न होने वाली यातायात संबंधी समस्याओं को कम करना तथा सड़क पर आवागमन को सुचारू बनाए रखना है। कार्रवाई के दौरान वाहन चालकों और स्थानीय लोगों को यातायात नियमों, सड़क सुरक्षा और निर्धारित स्थानों पर वाहन खड़ा करने के संबंध में जागरूक भी किया गया।
ट्रैफिक इंस्पेक्टर विकास पंवार ने स्थानीय लोगों से अपील की कि वे यातायात व्यवस्था बनाए रखने में अपनी जिम्मेदारी समझें और वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन करने और प्रशासन का सहयोग करने से क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में मदद मिलेगी। ट्रैफिक पुलिस की ओर से स्पष्ट किया गया कि सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर जागरूकता के साथ-साथ नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्रवर्तन कार्रवाई भी जारी रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button