दिल्ली पुलिस अकादमी में पासिंग आउट परेड संपन्न, 85 प्रशिक्षु हुए शामिल

नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस अकादमी, झरोदा कलां में नवप्रशिक्षित एएसआई (रेडियो तकनीशियन) एवं रिक्रूट कांस्टेबल्स के लिए पासिंग आउट एवं शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। इस समारोह में कुल 85 प्रशिक्षुओं ने सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूरा कर दिल्ली पुलिस बल में अपनी सेवाएं देने के लिए तैयार होने का संकल्प लिया। इनमें बैच नंबर-1 के 37 एएसआई (रेडियो तकनीशियन), जिनमें 8 महिलाएं शामिल हैं, तथा बैच नंबर-127 के 48 कांस्टेबल, जिनमें 10 महिलाएं शामिल हैं।
समारोह में उप निदेशक राजबीर सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। प्रशिक्षण के दौरान एएसआई (रेडियो तकनीशियन) के पहले बैच को वायरलेस संचालन, डब्ल्यूटी सेट की ट्यूनिंग एवं मरम्मत, नेटवर्क स्थापित करने और आपात स्थितियों में अस्थायी कंट्रोल रूम स्थापित करने का विशेष प्रशिक्षण दिया गया। इसके साथ ही सभी प्रशिक्षुओं को पुलिस प्रक्रिया, आपराधिक कानून, अपराध विज्ञान, साइबर क्राइम और फोरेंसिक साइंस से संबंधित शैक्षणिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया।
शारीरिक प्रशिक्षण के अंतर्गत प्रतिभागियों को निहत्था मुकाबला, फायरिंग, आतंकवाद-रोधी उपायों के साथ-साथ खेल, योग और जिम के माध्यम से फिटनेस पर विशेष ध्यान दिया गया। इसके अतिरिक्त दंगा नियंत्रण, आतंकवादी घटनाओं से निपटने, आपदा प्रतिक्रिया, हथियार संचालन और कमांडो प्रशिक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी प्रशिक्षित किया गया।
उपलब्धियों की बात करें तो एएसआई (रेडियो टेक.) वर्ग में नवीन कुमार ने ऑलराउंड बेस्ट ट्रॉफी हासिल की और इंडोर में प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि नीरज कुमार आउटडोर में प्रथम रहे। वहीं महिला रिक्रूट कांस्टेबल श्रुति मिश्रा ने ऑलराउंड बेस्ट, इंडोर और आउटडोर तीनों ट्रॉफियां अपने नाम कीं।
समारोह में एडी/आउटडोर प्रभु दयाल ने प्रशिक्षुओं को बधाई देते हुए अनुशासन, टीमवर्क और जनसेवा के महत्व पर जोर दिया तथा शपथ भी दिलाई। उन्होंने बताया कि एएसआई (रेडियो टेक.) में विभिन्न राज्यों के प्रशिक्षु शामिल रहे, जिनमें दिल्ली, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान सहित अन्य राज्यों के अभ्यर्थी शामिल हैं। वहीं कांस्टेबल वर्ग में भी विभिन्न राज्यों से आए अभ्यर्थियों ने प्रशिक्षण प्राप्त किया।
मुख्य अतिथि राजबीर सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि वायरलेस संचालन और कांस्टेबुलरी दिल्ली पुलिस की रीढ़ हैं। उन्होंने प्रशिक्षुओं से अपेक्षा की कि वे अपने आचरण से पुलिस की छवि को मजबूत करें और कठिन परिस्थितियों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में अपनी भूमिका निभाएं। इस अवसर पर प्रशिक्षुओं के परिजन एवं दिल्ली पुलिस अकादमी के अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button