नंद नगरी थाना पुलिस ने कुछ घंटों में सुलझाया हत्या का मामला, दो आरोपी गिरफ्तार

उत्तर पूर्वी दिल्ली। नंद नगरी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के एक मामले को कुछ ही घंटों में सुलझा लिया और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से मृतक का लूटा गया मोबाइल फोन, आधार कार्ड और वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 11 जून 2026 की सुबह करीब 4:39 बजे नंद नगरी थाना पुलिस को गगन सिनेमा के पास एक व्यक्ति के घायल अवस्था में पड़े होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां गगन सिनेमा के मुख्य गेट के सामने सड़क पर करीब 40 वर्षीय एक व्यक्ति घायल हालत में मिला। उसे तुरंत जीटीबी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस संबंध में नंद नगरी थाने में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) के तहत एफआईआर संख्या 328/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर अहम साक्ष्य जुटाए। बाद में मृतक की पहचान मोहम्मद अनीस (42), पुत्र जहूर, निवासी कुंदनपुर, जिला औरैया (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी नंद नगरी सुरेंद्र सिंह राठी की देखरेख में और नंद नगरी थाना एसएचओ इंस्पेक्टर आनंद यादव के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने विभिन्न स्रोतों से जानकारी जुटाकर तकनीकी व स्थानीय स्तर पर जांच करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुंदर नगरी निवासी आसिफ उर्फ इक्कल (30), पुत्र अख्तर तथा परम शिवम (28), पुत्र रविचंद के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान दोनों ने लूट के प्रयास के दौरान हत्या करने की बात स्वीकार की। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी आसिफ उर्फ इक्कल पहले से ही लूट, झपटमारी, चोरी और आर्म्स एक्ट के छह मामलों में शामिल रहा है, जबकि परम शिवम के खिलाफ लूट और घर में चोरी के नौ मामले दर्ज हैं। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।




