मंगोलपुरी की जूता फैक्ट्री में भीषण आग, चार श्रमिकों की मौत; दो की हालत गंभीर

मंगोलपुरी के औद्योगिक क्षेत्र में शुक्रवार रात जूता फैक्ट्री में आग लगने से चार लोगों की मौत हो गई और दो घायल हो गए। दमकलकर्मियों ने छह लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। पुलिस फैक्ट्री मालिक से पूछताछ कर आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।

नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली के मंगोलपुरी औद्योगिक क्षेत्र के फेज-1 में शुक्रवार रात एक जूता बनाने वाली फैक्ट्री में भीषण आग लगने से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए। हादसा रात करीब 9:30 बजे हुआ। आग की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव अभियान शुरू किया। दमकलकर्मियों ने कई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
अधिकारियों के अनुसार, फैक्ट्री के अंदर से छह लोगों को बेहोशी की हालत में बाहर निकाला गया। सभी को तत्काल मंगोलपुरी स्थित संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया। शेष दो घायलों का उपचार जारी है।
अग्निशमन अधिकारी पारस कुमार ने बताया कि दमकल विभाग को रात करीब 9:31 से 9:32 बजे के बीच फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिली थी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग सबसे पहले इमारत के तहखाने में लगी थी। दमकलकर्मियों ने काफी प्रयास कर आग को तहखाने तक सीमित रखा और उसे ऊपरी मंजिलों तक फैलने से रोक दिया। हालांकि, फैक्ट्री में भारी धुआं भर जाने के कारण बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण रहा। दमकलकर्मियों ने एक व्यक्ति को तीसरी मंजिल की सीढ़ियों से और पांच अन्य लोगों को चौथी मंजिल से सुरक्षित बाहर निकाला।
बताया गया कि संबंधित परिसर में जूते बनाने के साथ उनका भंडारण भी किया जाता था। आग लगने के बाद तहखाने से उठा धुआं ऊपर की मंजिलों तक फैल गया, जिससे अंदर मौजूद लोगों को सांस लेने में परेशानी हुई और वे बेहोश हो गए। समय रहते बचाव दल ने सभी छह लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चार लोगों की जान नहीं बचाई जा सकी।
बाहरी जिले के पुलिस उपायुक्त विक्रम सिंह ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस ने फैक्ट्री मालिक को समन जारी किया है। इसके अलावा ठेकेदार और वहां काम करने वाले श्रमिकों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि हादसे के समय फैक्ट्री में मौजूद कर्मचारियों की वास्तविक संख्या का पता लगाया जा सके।
इस दर्दनाक हादसे ने औद्योगिक इकाइयों में अग्नि सुरक्षा के इंतजामों और श्रमिकों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस और संबंधित विभाग आग लगने के कारणों के साथ-साथ फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों के पालन की भी जांच कर रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button