कौशाम्बी में यातायात माह का आगाज, डीएम-एसपी ने किया शुभारंभ; नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई

डीएम और एसपी ने मंझनपुर कोतवाली में यातायात माह का शुभारंभ किया। नाबालिगों की ड्राइविंग, बिना हेलमेट-सीट बेल्ट और ट्रैक्टर पर सवारी बैठाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा।

सचिन पांडेय/जिला ब्यूरो चीफ

कौशाम्बी,उत्तर प्रदेश। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से कौशाम्बी में नवंबर यातायात माह की शुरुआत की गई। मंझनपुर कोतवाली परिसर में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता बढ़ाने के साथ यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की बात कही गई।
अभियान के तहत नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी। बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने, बिना सीट बेल्ट कार चलाने और वाहनों में काली फिल्म लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा ट्रैक्टर पर सवारी बैठाकर चलने वालों के विरुद्ध भी विशेष अभियान चलाया जाएगा।
अधिकारियों ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने की अपील की। साथ ही अभिभावकों से कहा गया कि वे नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें। सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है।
यातायात माह के दौरान पुलिस और संबंधित विभागों की ओर से जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति सजग किया जाएगा। दुर्घटना होने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंचकर घायलों को राहत और बचाव उपलब्ध कराने का प्रयास करेगी। इसके लिए त्वरित सूचना और प्रभावी प्रतिक्रिया पर भी जोर दिया जाएगा।
अभियान का उद्देश्य केवल चालान और कार्रवाई तक सीमित न रहकर लोगों में जिम्मेदार वाहन संचालन की आदत विकसित करना है। पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से यातायात नियमों का पालन करने और सड़क सुरक्षा अभियान में सहयोग देने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button