कौशांंबी में गाली देने से नाराज युवक ने महिला की गला दबाकर की थी हत्या, छह दिन बाद हुआ खुलासा
सरायअकिल थाना क्षेत्र के इमली गांव में बगीचे में मिले महिला के शव की गुत्थी पुलिस ने छह दिन बाद सुलझा ली। पुलिस ने हत्या के आरोप में मोहल्ले के ही एक युवक को गिरफ्तार किया है।

कौशांंबी/उत्तर प्रदेश। सरायअकिल थाना क्षेत्र के इमली गांव में बगीचे में मिले महिला के शव की गुत्थी पुलिस ने छह दिन बाद सुलझा ली। पुलिस ने हत्या के आरोप में मोहल्ले के ही एक युवक को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने गाली देने से नाराज होकर गुस्से में आकर महिला का गला दबाकर हत्या करने की बात कबूल की है। उसकी निशानदेही पर मृतका का मोबाइल फोन और टिफिन भी बरामद किया गया है।
इमली गांव में 29 मई की रात बगीचे में मिले महिला के शव के मामले का पुलिस ने सफल अनावरण कर दिया है। पुलिस ने हत्या के आरोपी अर्जुन पासी पुत्र धर्मराज पासी निवासी खिजिरपुर कैलई उर्फ इमलीगांव को गिरफ्तार कर लिया है। प्रेस वार्ता के दौरान एएसपी अमिता सिंह जानकारी देते हुए बताया कि 29 मई की रात मनीता देवी अपने पति को खाना देने के लिए घर से निकली थीं, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटीं। परिजनों ने तलाश शुरू की तो गांव के पास स्थित एक बगीचे में उनका शव मिला था। घटना की सूचना पर पुलिस, फोरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की थी।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीमों ने इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान अर्जुन पासी का नाम सामने आया। बृहस्पतिवार को मुखबिर की सूचना पर उसे फकीराबाद पावर हाउस के पास से गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि घटना वाली रात वह अपनी बाग से लौट रहा था। रास्ते में मनीता देवी मिलीं और कथित रूप से उसे गाली दी। इससे नाराज होकर उसने महिला का गला दबा दिया। मौत होने के बाद शव को बांस की कोठ और बालू के ढेर के बीच छिपा दिया और मृतका का मोबाइल और टिफिन भी वहीं छुपा दिया था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर दोनों सामान बरामद कर लिए हैं।




