दो नक्सली गिरफ्तार, जवानों के रास्ते में लगाते थे बारूदी सुरंग

माओवादी संगठनों को करते थे राशन सप्लाई

सुकमा/छत्तीसगढ़। सुकमा जिले में सुरक्षाबलों ने दो नक्सलियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि नक्सलियों को राशन की आपूर्ति करने वाले मुचाकी सुरेश और एक अन्य नक्सली पुनेम हिड़मा को जगरगुंडा थाना क्षेत्र के कुंदेड़ गांव के जंगल से पकड़ा गया है। अधिकारियों के मुताबिक, जगरगुंडा थाना क्षेत्र में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना मिलने पर 13 मार्च को जगरगुंडा थाना से जिला बल और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के संयुक्त दल को कुंदेड़ गांव की ओर रवाना किया गया था।उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान सुरक्षाबलों ने घेराबंदी कर दोनों नक्सलियों को गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों के अनुसार, मुचाकी सुरेश नक्सलियों की तेलंगाना स्टेट कमेटी और पीपुल्स लिबरेशन गुरिल्ला आर्मी (पीएलजीए) बटालियन नंबर एक के सदस्यों को राशन और दैनिक उपयोग के अन्य सामानों की आपूर्ति था। पीएलजीए प्रतिबंधित संगठन भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) की सशस्त्र इकाई है।
उन्होंने बताया कि दोनों नक्सली कथित तौर पर सुरक्षाबलों की आवाजाही की टोह लेने, जवानों की ओर से इस्तेमाल किए जाने वाले मार्गों पर बारूदी सुरंग और लोहे की कीलें लगाने तथा सड़कें खोदने में भी शामिल थे। अधिकारियों के मुताबिक, मुचाकी सुरेश और पुनेम हिड़मा पर पिछले साल पुवर्ती गांव में सुरक्षाबलों के शिविर पर गोलीबारी के सिलसिले में भी मामला दर्ज किया गया था। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में नक्सलियों के खिलाफ अभियान जारी है।
छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई हो रही है। सुरक्षाबल के जवान नक्सलियों के गढ़ कहे जाने वाले अबूझमाड़ में भी कार्रवाई कर रहे हैं। नक्सली इलाकों में अब सुरक्षाबल के कैंप स्थापित हो गए हैं जिस कारण से नक्सली संगठन कमजोर हो रहे हैं। छत्तीसगढ़ को नक्सल मुक्त करने के लिए मार्च 2026 का टारगेट रखा गया है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने नक्सलवाद को खत्म करने के लिए यह टारगेट रखा है। राज्य में सुरक्षाबल के जवान लगातार कार्रवाई कर रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button