हौज रानी आग हादसे पर भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने जताया दुख, अवैध होटल संचालन पर उठाए सवाल

नई दिल्ली। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष एवं सांसद हर्ष मल्होत्रा ने मालवीय नगर विधानसभा क्षेत्र के हौज रानी इलाके में अवैध रूप से संचालित होटल में हुई भीषण आग की घटना में 21 लोगों की असमय मृत्यु पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने इस घटना को अत्यंत दुखद बताते हुए इसके लिए जिम्मेदार व्यवस्थागत लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
हर्ष मल्होत्रा ने कहा कि वर्ष 2024 में आम आदमी पार्टी के शासनकाल के दौरान केवल छह कमरों के ब्रेड एंड ब्रेकफास्ट लाइसेंस के आधार पर पूरी इमारत में अवैध होटल चलाया जा रहा था। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय संबंधित होटल को भारी बिजली लोड के मीटर भी जारी कर दिए गए, जबकि फायर एनओसी की समुचित जांच तक नहीं की गई।
उन्होंने आगे कहा कि 1998 से 2024 के बीच दिल्ली में आधे-अधूरे लाइसेंस के आधार पर बड़ी संख्या में अवैध होटल खुलते रहे, जिसके लिए पूर्ववर्ती कांग्रेस और केजरीवाल सरकारों की कथित मिलीभगत जिम्मेदार है। उनके अनुसार, राजधानी में होटलों की वर्तमान अव्यवस्थित स्थिति पिछले 27 वर्षों के कथित भ्रष्टाचार का परिणाम है।
दिल्ली भाजपा ने आम आदमी पार्टी के संयोजक सौरभ भारद्वाज द्वारा इस घटना पर दिए जा रहे बयानों पर भी सवाल उठाए। भाजपा का कहना है कि संबंधित होटल को मई 2024 में पर्यटन विभाग द्वारा आंशिक लाइसेंस उस समय दिया गया था, जब सौरभ भारद्वाज मंत्री पद पर थे, इसलिए उन्हें स्पष्ट करना चाहिए कि यह लापरवाही कैसे हुई।
मल्होत्रा ने बताया कि दिल्ली सरकार के मंत्री आशीष सूद स्थानीय विधायक सतीश उपाध्याय के साथ घटनास्थल का दौरा कर चुके हैं। उनकी रिपोर्ट के आधार पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने हौज रानी सहित पूरी दिल्ली में होटल और मोटल की व्यापक जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी प्रतिष्ठान में मानकों का उल्लंघन पाया जाता है, तो तत्काल बिजली आपूर्ति काटकर उसे बंद कराया जाएगा।




