कौशांबी में संदिग्ध हालत में मिला दंपती का शव, कुत्तों ने नोचकर किया क्षत-विक्षत

कौशांबी के खरौना गांव में एक दंपती का सड़ा-गला शव घर के बरामदे में मिला, जिसे कुत्तों ने नोच डाला था। पुलिस हत्या या अन्य कारणों की जांच कर रही है, क्योंकि दंपती शराब और डायबिटीज से ग्रसित थे।

कौशांबी/उत्तर प्रदेश। पश्चिम शरीरा क्षेत्र के खरौना गांव में सोमवार की सुबह एक दंपती का शव सड़ी-गली अवस्था में मिलने से सनसनी है। दोनों शव घर के बरामदे में पड़े थे व शरीर पर फफोले थे। आवारा कुत्तों ने भी शवों को नोचकर क्षत-विक्षत कर दिया था।
दुर्गंध फैलने से परेशान पड़ोसी पहुंचे तो घटना की जानकारी हुई। दंपती की हत्या हुई या फिर मौत का कारण कुछ अन्य है, इसका रहस्य बरकरार है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
खरौना गांव निवासी 62 वर्षीय फूलचंद्र मिश्र उर्फ अजय पुत्र स्वर्गीय भोलानाथ गुजरात के सूरत शहर में रहकर सिक्योरिटी गार्ड का काम करते थे। 15 साल पहले उन्होंने सूरत निवासी 55 वर्षीय पूजा देवी के साथ प्रेम विवाह किया। इसके बाद वह पूजा को लेकर गांव आकर रहने लगे। दंपती की कोई संतान नहीं थी। फूलचंद्र अपनी पैतृक करीब तीन बीघे खेत में किसानी करने के साथ ही घर के समीप छोटी सी परचून की दुकान चलाते थे।
सोमवार की सुबह फूलचंद्र के घर की ओर से दुर्गंध आने का आभास होने पर पड़ोसी परेशान हो गए। पहले लोगों ने सोचा, कोई चूहा मरा होगा, लेकिन जब दुर्गंध तेज फैलने लगी तो वह लोग वहां पहुंचे। जैसे ही फूलचंद्र के घर के बाहर बने बरामदे में लगा पर्दा हटाया गया तो लोग हतप्रभ रह गए।फूलचंद्र का शव जमीन पर पड़ा था। mदिवंगत सिर्फ लोवर पहने थे, पास ही चारपाई पर पूजा का शव मिला। लोवर व शर्ट पहने पूजा के शरीर पर कई जगह घाव के निशान भी थे। घटना देख पड़ोसी हतप्रभ रह गए। घर के कमरों में ताला बाहर से बंद था। ऐसे में कयास लगाए गए कि लूट या चोरी के मकसद से घटना को अंजाम नहीं दिया गया।
दिवंगत के भतीजे वैभव ने बताया कि शनिवार की रात करीब एक बजे अचानक से फूलचंद्र पानी-पानी चिल्ला रहे थे। इस पर वह पीने के लिए पानी देकर आया था। रविवार को वह (वैभव) सहित अन्य पड़ोसियों में किसी ने भी फूलचंद्र या उसकी पत्नी को नहीं देखा था। फिलहाल घटना के बाबत कोई कुछ बता पाने की स्थिति में नहीं था।
आईजी रेंज प्रयागराज अजय मिश्र, एएसपी राजेश कुमार सिंह, सीओ कौशांबी जेपी पांडेय फोरेंसिक टीम के साथ पहुंचे। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। दंपती की हत्या की गई या फिर मौत का कारण अन्य है? इस पर फिलहाल रहस्य बरकरार है।
पुलिस की छानबीन के दौरान पता चला कि दिवंगत दंपती को शराब पीने की लत थी। वह लोग सुगर (डायबिटीज) की बीमारी से भी ग्रसित थे। चर्चा रही कि दोनों की मौत अत्यधिक शराब पीने या फिर किसी दवा के रिएक्शन के कारण भी हो सकती है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button